Rajasthan BJP President Election: भरतपुर में अब जिलाध्यक्ष की ताजपोशी की राह खुल गई है। जानें कौन है वो महिला, जिसका नाम जिलाध्यक्ष की रेस में सबसे आगे चल रहा है।
Rajasthan BJP President Election: भरतपुर। जिले में पचास फीसदी मंडल अध्यक्षों की घोषणा के बाद अब जिलाध्यक्ष की ताजपोशी की राह खुल गई है। माना जा रहा है कि इस बार महिला के सिर यह ताज सजेगा।
महिलाओं की हिमायत करने का दावा करने वाली भाजपा इस बार महिला के साथ एससी वर्ग को साधने का जतन कर रही है। इस पर सहमति बनने की बात भी सामने आ रही है। इसकी घोषणा जल्द ही संभावित है।
मंडल अध्यक्षों की ताजपोशी के बाद जिलाध्यक्ष के दावेदार भी सक्रिय हो गए और प्रदेश स्तर पर तक अपनी गोठी बिठाना शुरू कर दिया। भरतपुर मुख्यमंत्री का गृह जिला है। ऐसे में सभी निगाहें इस ताजपोशी पर टिकी हैं। यह नियुक्ति उनकी मंशा से ही होगी।
हालांकि माह की शुरुआत में 8 से 10 दावेदार सामने आ रहे थे, लेकिन अब इनमें से बहुतेरी छंटनी हो गई है। अब प्रमुख महिला नामों में शिवानी दायमा का नाम आगे है। इसकी वजह यह है कि वह एससी वर्ग से आती हैं और महिला हैं।
पहले उनके सांसद की टिकट के लिए दावेदारी की थी, लेकिन टिकट नहीं मिली। वह पार्षद भी रह चुकी हैं। खास बात यह है कि वह लगातार पार्टी से जुड़ी रहीं और टिकट नहीं मिलने पर भी उन्होंने नाखुशी जाहिर नहीं की।