
भरतपुर. यूपी सरकार में पशुपालन मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी की लग्जरी गाड़ी को गुरुवार तड़के उनके मथुरा स्थित आवास से अज्ञात जने चोरी कर ले गए। गाड़ी को लेकर चोर भरतपुर की तरफ भाग निकले। गाड़ी सवार लोगों का आगरा-जयपुर हाइवे स्थित एक होटल के पास हादसा हो गया जिसमें गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। जिस पर अज्ञात जने गाड़ी को हाइवे किनारे खड़ा फरार हो गए। उधर, पीछा कर रही यूपी पुलिस ने स्थानीय चिकसाना पुलिस को इलाके में चोरी की गाड़ी आने की सूचना दी। जिस पर गाड़ी हाइवे किनारे क्षतिग्रस्त हाल में मिली। बाद में गाड़ी को यूपी पुलिस के सुपुर्द कर दिया। गाड़ी में जीपीएस होने से यूपी पुलिस उसका पीछा कर रही थी।
जानकारी के अनुसार यूपी सरकार पशुपालन मंत्री चौधरी के मथुरा स्थित निवास से अज्ञात जने तड़के करीब 4 बजे गाड़ी को चोरी कर ले गए। परिजन को जब गाड़ी नहीं मिली तो सीसीटीवी फुटेज की जांच की। जिसमें अज्ञात जने गाड़ी चोरी कर ले जाते दिखे। जिस पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और आसपास इलाके में नाकाबंदी शुरू करी। गाड़ी में जीपीएस लगा होने से उसकी लोकेशन भरतपुर रोड पर मिली। जिस पर भरतपुर पुलिस को सूचना दी। इस दौरान चिकसाना पुलिस को एक क्षतिग्रस्त गाड़ी के जयपुर हाइवे किनारे एक होटल के पास लावारिस खड़ी होने की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच की, दुर्घटना होने की वजह से गाड़ी के तीन एयरबैग खुल चुके थे। लेकिन मौके पर कोई नहीं मिला। इस बीच यूपी मौके पर पहुंच गई और जिन्होंने घटना की जानकारी दी। साथ ही मंत्री का भांजा मनोज कुमार भी आ गए। चिकसाना पुलिस ने बाद में क्षतिग्रस्त गाड़ी को यूपी पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
जानलेवा हमले के मामले में आरोपी गिरफ्तार
भरतपुर. कोतवाली थाना पुलिस ने जानलेवा हमले के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी रामकिशन यादव ने बताया कि न्यू आदर्श कॉलोनी थाना कोतवाली निवासी सुल्तान पुत्र पिल्लू तेली ने 10 नवम्बर 2020 को रूपला पायसा थाना अटलबंद निवासी दीपक उर्फ दीपू पुत्र अजयसिंह जाट बगैराह 2 जनों के विरूद्ध उसको जान से मारने की नियत से कट्टे से फायर कर जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज कराया था। प्रकरण की जांच करते हुए पुलिस ने मामले में नामजद आरेापी दीपक उर्फ दीपू पुत्र अजयसिंह जाट निवासी रूपला पायसा थाना अटलबंद को गिरफ्तार किया है।