लोगों की शिकायत पर थाने पहुंच भड़के मंत्री विश्वेन्द्र सिंह, पुलिस अधिकारियों को लताड़ते हुए दी ये 'Warning'
भरतपुर।
प्रदेश सरकार के पर्यटन व देवस्थान मंत्री विश्वेन्द्र सिंह ( Vishvendra Singh ) ने शनिवार को पुलिस अधिकारियों को जमकर लताड़ा। खुद के विधानसभा क्षेत्र में बढ़ रहे अपराध और अपराधियों के बुलंद हौंसलों से नाराज होकर मंत्री विश्वेंद्र सिंह थाने पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों को थाने में ही लोगों के साथ जमीन पर बैठकर जमकर लताड़ लगाइ। साथ ही आरोप लगाए की अपराधियों व शराब तस्करों से पुलिस की सांठगांठ है जिससे अपराध बढ़ रहा है। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों चेतावनी भी दी। उन्होंने कहा यदि शीघ्र ही अपराध पर काबू नहीं पाया गया तो पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
दरअसल, पर्यटन मंत्री विश्वेन्द्र सिंह शनिवार को अपने विधानसभा क्षेत्र के थाने कुम्हेर में जा पहुंचे। इस दौरान वहां अपराधियों के बढ़ते अपराध व पुलिस की निष्क्रियता से नाराज क्षेत्र के ग्रामीण भी इकट्ठे हुए थे।
क्षेत्र के लोगों ने मंत्री से शिकायत करते हुए पुलिस अधिकारियों पर अपराधियों के खिलाफ कार्यवाही नहीं करने का आरोप लगाया। इस दौरान विश्वेन्द्र सिंह ने मौके पर मौजूद एएसपी, सीओ व थाना प्रभारी से मामले को लेकर सवाल किए लेकिन मंत्री अधिकारियों के जबाव से असंतुष्ट रहे। जिस पर मंत्री ने पुलिस अधिकारियों को जमकर लताड़ा।
उन्होंने कहा की एक पर्यटन मंत्री के विधानसभा क्षेत्र में पुलिस की निष्क्रियता का ये हाल है जो शर्मनाक है इसलिए पुलिस अधिकारियों के खिलाफ निश्चित कार्यवाही की जाएगी। क्षेत्र में स्थित एक पुलिस चौकी पर ग्रामीणों की शिकायत पर कुछ हथियार बंद बदमाशों को गिरफ्तार करवाया लेकिन पुलिस अधिकारी को उस मामले का शिकायत नंबर तक नहीं पता है। वहां ग्रामीणों ने गुंडों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया जो काम पुलिस का है उसे ग्रामीणों को करना पड़ रहा है।
कुम्हेर थाने में 80 प्रतिशत मामलों की पेंडिंग है, एक वारंटी थाने में आकर पीड़ित को धमकी देता है और पुलिस कोई कार्यवाही नहीं करती है। क्षेत्र में स्थित वरताई पुलिस चौकी पर तैनात पुलिस जवानों के लिए ग्रामीण भोजन पानी की व्यवस्था करते हैं जबकि पुलिस की तरफ से वहां तैनात पुलिस वालों को खाना नहीं भेजा जाता है। इसके अलावा मंत्री ने सरकारी अस्पताल का निरीक्षण किया जहां चिकित्सक नदारद पाए गए। इस दौरान मंत्री और भी ज्यादा गुस्से में आ गए और वहां मौजूद चिकित्सकों को भी लताड़ लगाई।