भरतपुर

राजस्थान में भारी बारिश से यहां बाढ़ जैसे हालात, डूब रही कॉलोनी, ट्यूब पर पहुंच रहा राशन का सामान

लगातार बारिश से बाढ़ जैसे हालात हो गए। लोगों को खाने-पीने का सामान भी ट्यूब के जरिए लाना पड़ रहा है। ज्यादातर लोग घरों में कैद हैं। रास्तों के साथ यहां घरों में भी पानी घुस रहा है। इसके साथ कीड़े-मकोड़े और सांप तक मकानों में निकल रहे हैं।

2 min read
Oct 11, 2022

भरतपुर शहर की न्यू पुष्प वाटिका कॉलोनी में लगातार बारिश से बाढ़ जैसे हालात हो गए। लोगों को खाने-पीने का सामान भी ट्यूब के जरिए लाना पड़ रहा है। ज्यादातर लोग घरों में कैद हैं। सोमवार को कुछ बच्चे ट्यूब के सहारे खाट से राशन सामग्री लाते दिखे। रास्तों के साथ यहां घरों में भी पानी घुस रहा है। इसके साथ कीड़े-मकोड़े और सांप तक मकानों में निकल रहे हैं।

लोगों की शिकायत पर प्रशासनिक व नगर निगम के अधिकारी पहुंचे। यहां सामने आया कि कुछ लोगों ने नाले पर ही अतिक्रमण कर लिया है। प्रशासन ने जेसीबी से नाले की खुदाई कराकर पानी निकलवाने का प्रयास किया, लेकिन पूरी तरह राहत नहीं मिल सकी। पानी निकालने को छोटा पंप भी लगाया है। शाम को केबिनेट मंत्री विश्वेन्द्र सिंह एवं राज्य मंत्री डॉ. सुभाष गर्ग ने अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।

थमी बारिश, मौसम खुला, तापमान भी बढ़ा
प्रदेश में दो-तीन दिन तक हुई बारिश के बाद सोमवार को अधिकांश जिलों में मौसम साफ रहा। कहीं धूप निकली तो कहीं बादलों का डेरा रहा। हालांकि, एक-दो स्थानों पर बूंदाबांदी व हल्की बरसात हुई। दिन के तापमान में भी 4-5 डिग्री की बढोतरी हुई। एक दिन पहले तक जहां अधिकतम तापमान 23-24 डिग्री तक पहुंच गया था, वह बढ़कर 30 डिग्री तक पहुंच गया। जयपुर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार मंगलवार को जयपुर, भरतपुर व कोटा संभाग में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। ज्यादातर स्थानों पर मौसम शुष्क रहेगा।

बिजली गिरने से मां-बेटे की मौत, पिता गंभीर रूप से झुलसा
कोटा के सांगोद के किशनपुरा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से मां-बेटे की मौत हो गई। वहीं पिता गंभीर रूप से झुलस गया। पार्वती बाई (35), पुत्र शैलेष (10) व धीरप (40) तीनों खेत पर काम कर रहे थे। इस दौरान अचानक बिजली गिरी और पार्वती व शैलेष की मौत हो गई।

Published on:
11 Oct 2022 10:00 am
Also Read
View All