भरतपुर

घर पर अकेली महिला की गला रेत कर हत्या, लाखों के जेवरात पार, वारदात से मचा हड़कंप

शहर के घनी आबादी इलाके आदर्श नगर कॉलोनी में बुधवार शाम अज्ञात लोगों ने एक महिला की गला रेत कर हत्या कर दी।
less than 1 minute read
Apr 10, 2019
murder in bharatpur

भरतपुर। शहर के घनी आबादी इलाके आदर्श नगर कॉलोनी में बुधवार शाम अज्ञात लोगों ने एक महिला की गला रेत कर हत्या कर दी। महिला घर पर अकेली थी और उनके पति दुकान पर गए हुए थे। हत्या की वजह प्रथम दृष्टया चोरी की वारदात को अंजाम देना बताया जा रहा है। घर के एक कमरे में रखी अलमारी में से लाखों रुपए के जेवरात चोरी थे।

वारदात की सूचना से पुलिस में हडक़ंप मच गया और जिला पुलिस अधीक्षक हैदरअली जैदी समेत अन्य आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। मौके पर पहुंची एफएसएल और डॉग एक्वायड टीम ने पहुंच कर घर से साक्ष्य जुटाए हैं।

आदर्श नगर कॉलोनी में सुरेशचंद गुप्ता का मकान है। बताया जा रहा है कि शाम करीब 5.30 बजे उनकी पत्नी मिथलेश (54) पड़ोस की बीमार महिला को देखकर घर पर आई थी। करीब साढ़े बजे घर के पास रहने वाली उनकी दौरानी डिंपल घर आई, वह बाहर कमरे में नहीं दिखी तो अंदर गई तो वह दूसरे कमरे में जमीन पर पड़ी थी।

दौरानी ने पास जाकर देखा तो जमीन खून से लथपथ थी, जिस पर वह शोर मचाते हुए बाहर की तरफ दौड़ी और परिजनों को फोन कर सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। जिस पर कोतवाली प्रभारी रघुवीर सिंह मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। उधर, परिजनों ने जेवरात चोरी होना बताया है।

Published on:
10 Apr 2019 08:58 pm