भटिंडा

पंजाब पंचायतराज चुनाव पर हिंसा का साया,भटिंडा में अकाली दल और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में संघर्ष

भटिंडा के ही मिड्डा और किलयानवाली गांव में कारें क्षतिग्रस्त करने की घटनाएं हुईं...

2 min read
Sep 19, 2018
patrika news

(चंडीगढ): पंजाब में बुधवार को पंचायतराज चुनावों पर हिंसा का साया बना रहा। भटिंडा में अकाली दल और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच संघर्ष में एक बच्चा घायल हो गया। भटिंडा के दुलेवाल गांव में दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं के बीच संघर्ष में फायरिंग हुई। फायरिंग में बच्चा घायल हो गया। इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने आरोप लगाया कि उन्हें प्रदेश के कई स्थानों से प्रशासन की मिलीभगत से कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा मतदान केन्द्रों पर कब्जा किए जाने के समाचार मिले है। हालांकि प्रशासन ने इस आरोप को खारिज किया है।

भटिंडा के ही मिड्डा और किलयानवाली गांव में कारें क्षतिग्रस्त करने की घटनाएं हुईं। बादल गांव के बूथ पर पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल सबसे पहले मतदान करने पहुंचे। अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी गुरबचन सिंह के पुत्र मनजिंदर सिंह बिट्टू के मुक्तसर स्थित होटल से हथियार ओर कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने होटल से दस लोगों को हिरासत में लिया है। बिट्टू उदेकरन क्षेत्र से जिला परिषद उम्मीदवार है।

प्रदेश में 22 जिला परिषद और 150 पंचायत समितियों के लिए बुधवार सुबह मतदान शुरू हुआ। मतदान शाम चार बजे सम्पन्न हुआ। शाम चार बजे तक मतदान केन्द्रों पर कतार में खडे रहे मतदाताओं को मतदान का अवसर दिया गया। प्रदेश में पंचायराज चुनावों के लिए 1.27 करोड मतदाता दर्ज थे। मतगणना आगामी 22सितम्बर को कराई जायेगी। चुनाव के लिए 17268 मतदान केन्द्र बनाए गए थे।


राज्य चुनाव आयोग ने चुनावों के लिए 35 पर्यवेक्षक नियुक्त किए थे। चुनावों के लिए 50 हजार पुलिस जवान तैनात किए गए है। मतदाताओं को जिला परिषदों के 354 सदस्य और 150 पंचायत समितियों के 2900 सदस्य चुनना है। जिला परिषदों के लिए 33 सदस्य निर्विरोध चुने गए है। पंचायत समितियों के 369 सदस्य निर्विरोध चुने गए है।

पटियाला जिला परिषद के लिए सबसे अधिक 109 नामांकन दाखिल किए गए। इसके बाद संगरूर में 106 व अमृतसर में 100 नामांकन दाखिल किए गए। पठानकोट जिला परिषद के लिए सबसे कम 30 नामांकन दाखिल किए गए। तरणतारण जिले में कुल 80 नामांकनपत्रों में से 21 नामांकन खारिज किए गए। पंचायत समिति चुनाव के लिए लुधियाना जिले में सबसे अधिक 758,संगरूर जिले में 750 और अमृतसर जिले में 730 नामांकन दाखिल किए गए।

ये भी पढ़ें

अकाली दल और कांग्रेस सरकार के बीच टकराव और बढने की ओर,राज्यपाल से कैप्टेन सरकार बर्खास्त करने की मांग
Published on:
19 Sept 2018 05:40 pm
Also Read
View All