
भिलाई. छत्तीसगढ़ स्टेट इलेक्ट्रीकल बोर्ड की ऑनलाइन भर्ती परीक्षा में सेंटर भारती कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में बुधवार को उस वक्त हंगामा मच गया जब दोपहर साढ़े 12 बजे होने वाली परीक्षा एक घंटे देरी से शुरू हुई। कुछ कंप्यूटर में लॉगिंग होने के बाद सर्वर बंद हो गया। इसी बीच कुछ परीक्षार्थियों ने क्वेश्नच पेपर देख लिया था और बाहर आकर उसके आंसर मोबाइल पर सर्च कर लिया। पेपर में हो रही देरी के चलते कॉलेज में युवाओं ने हंगामा मचाया। जिसके बाद पुलगांव पुलिस और सीएसइबी के आला अधिकारी कॉलेज पहुंचे और उन्हें समझाया। सीएसपीडीसीएल जेई और एई के कुल 342 पोस्ट के लिए परीक्षा ली गई, जिसमें 20 हजार से ज्यादा परीक्षार्थी शामिल हुए हैं।
तीन घंटे तैनात रही पुलिस
कॉलेज में तनाव की स्थिति को देख अधिकारियों ने पुलिस बुलाया था। पुलिस के आते ही कई युवा पीछे हट गए और चुपचाप देखने लगे। इधर परीक्षा खत्म होने पर शाम पांच बजे के बाद ही पुलिस लौटी। हालांकि पुलिस में इस मामले में कोई भी एफआईआर दर्ज नहीं हुई ,लेकिन शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया।
परीक्षार्थी सोहन ने की शिकायत परीक्षा टोटल अनफेयर, निरस्त हो
छत्तीसगढ़ स्टेट इलेक्ट्रीकल बोर्ड की ऑनलाइन भर्ती परीक्षा में पेपर हो लीक होने की शिकायत परीक्षार्थी सोहन बेलचंदन ने बिजली कंपनी के अधिकारियों से की है। उन्होंने परीक्षा निरस्त करने की मांग की है। सुबह की पाली में आधे कंप्यूटर ही कनेक्ट हुए थे। जिसके कारण आधे परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे थे और आधे लोग प्रश्न का उत्तर दूसरे स्क्रीन पर देखने में व्यस्त रहे। मोबाइल पर भी प्रश्नों का उत्तर देख रहे थे। दोपहर की पाली में परीक्षा १२.३० बजे से १.३० बजे था। दोपहर में भी तकनीकी दिक्कत आई। परीक्षार्थी प्रश्नों का उत्तर मोबाइल पर सर्च करते रहे।
सुबह भी हुई देरी
भारती कॉलेज के सेंटर में तकनीकी दिक्कत सुबह की पाली में भी आई। एग्जाम देने आए युवाओं ने बताया कि कॉलेज में रिपोर्टिग टाइम सुबह 7 बजे का था। बायोमेट्रिक्स सिस्टम से ही अटैंडेंस हुई और 8 बजे के बाद कंप्यूटर लैब में इंट्री दी गई। जब साढ़े 8 बजे इलेक्ट्रीकल ग्रुप का पेपर शुरू हुआ तो कुछ सिस्टम ने काम करना बंद कर दिया। इसी बीच कुछ ने लॉगिंग कर ली थी और क्वेश्चन पेपर देख लिया था। जबतक तकनीकी दिक्कत दूर होती तब तक वे किसी बहाने से बाहर जाकर मोबाइल पर आंसर सर्च कर आए। हालांकि सुबह 20 मिनट बाद सिस्टम ठीक हो गया पर उस वक्त भी लोग चिटिंग करते रहे। असिस्टेंट इंजीनियर में मैकेनिकल ब्रांच का एग्जाम साढ़े 12 बजे से शुरू होना था, पर कॉलेज में सुबह जैसी ही दिक्कत आ गई। तभी परीक्षा प्रभारी ने परीक्षा बीच में रोक दी और एक घंटे देरी से शुरू करने की बात कही।
Q इस परीक्षा के प्रभारी अधिकारी आप हैं?
A जी हां
Q कितने लोग परीक्षा में बैठे हैं?
A यह तो शाम तक ही पता चलेगा।
Q भारती कॉलेज सेंटर में गड़बड़ी हुई, इस बारे में आपको पता है?
A हमारा काम एक्जाम कंडक्ट कराना है, आपको जो पूछना है डीजीएम एचआर से पूछ लीजिए
Q नोडल तो आप ही हैं?
A हमें कुछ भी नहीं पता इस बारे में
जिम्मेदार बचते रहे
इस परीक्षा को आयोजित करने वाले जिम्मेदार अधिकारी इन सारी गड़बडिय़ों के बारे में जानकारी नहीं दी। जब पत्रिका ने भारती कॉलेज ही अव्यवस्था को लेकर सवाल किया तो वे कुछ भी कहने से बचते रहे।हंगामा की सूचना पर परीक्षा केंद्र में पहुंची पुलिस। परीक्षा समाप्त होते तक केंद्र में पुलिस के जवान तैनात रहे।परीक्षा में देरी की सूचना के बाद बाहर निकले परीक्षार्थी हल्ला करने लगे। परीक्षा केंद्र के अधिकारी उन्हें समझाते रहे।
आज जेई की परीक्षा
सीएसईबी की इस भर्ती परीक्षा में गुरुवार को जूनियर इंजीनियर के पदों के लिए ऑनलाइन परीक्षा ली जाएगी। यह परीक्षा भी शहर के चार सेंटर, भारती कॉलेज, शंकर कॉलेज, पार्थिव कॉलेज और संजय रूंगटा कॉलेज में होगी।