
भिलाई. हेमचंद यादव विश्वविद्यालय ने खिलाडिय़ों के हक में बड़ा फैसला लिया है। विवि जल्द ही अपने खिलाडिय़ों को पुरस्कृत करेगा। पूर्व में हुई अंतर विश्वविद्यालयीन ईस्ट जोन प्रतियोगिता में विवि की बैडमिंटन, बास्केटबॉल और हैंडबॉल टीम पहले स्थान पर रही। बेहतरीन खेल प्रदर्शन से विवि का नाम रोशन किया।
अब विवि भी अपना फर्ज अदा करेगा, इन सभी खिलाडिय़ों को पुरस्कृत करने 6 लाख 56 हजार रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इस राशि से विवि 41 खिलाड़ी, कोच व मैनेजरों को नकद पुरस्कार देगा। प्रथम पुरस्कार के तौर पर १५ हजार और द्वितीय रही टीम के खिलाडिय़ों को 12 हजार रुपए दिए जाएंगे। विवि खिलाडिय़ों को सम्मानित करने के लिए जल्द ही कार्यक्रम कराने की योजना बना रहा है।
कार्यपरिषद ने लिया था निर्णय
विवि की खेल प्रतियोगिताओं में विजेता रही टीम के खिलाड़ी को प्रोत्साहित करने के मकसद से यह निर्णय कार्यपरिषद ने लिया था। पहली कार्यपरिषद की बैठक में हुए इस निर्णय को अब विवि अमलीजामा पहनाएगा। खिलाडिय़ों को पुरस्कृत करने का यह नियम पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय से ही शुरू हुआ, जिसे सभी विश्वविद्यालयों ने अपनाया। हेमचंद विवि पहली मर्तबा अपने खिलाडिय़ों को पुरस्कृत कर रहा है।
शानदार खेल से सबसे दिल जीता
ज्योति रानी साहू। यह वो नाम है, जिसने शानदार खेल से न सिर्फ सबका दिल जीता, बल्कि ऑल इंडिया अंतर विवि खेल में सिलवर मेडल भी ले आई। ज्योति ने जूडो में दिल्ली विवि की छात्रा को कड़ी टक्कर देकर यह मुकाम पाया। ज्योति के पिता जिरजोधन साहू पेशे से ऑटो ड्राइवर है, परिवार की माली हालत खराब है, लेकिन फिर भी पिता को अपनी लाडली के हौसलों पर फक्र है।
सबसे खास बात यह है कि ज्योति को मिलाकर परिवार में ६ बहने है, इनमें से ३ जूडो में स्टेट और नेशनल की प्लेयर। छोटी बहन मधुरानी और तनू ने भी जूडो में खूब जौहर दिखाए हैं। काबिलियत का ही नतीजा है कि पुरस्कृत होने वाले खिलाडिय़ों में ज्योति भी एक है। होनहार ने बताया कि फिलहाल वह बीपीएड की पढ़ाई कर रही है।
पुरस्कार से भरेगी सेमेस्टर फीस
फीस का इंतजाम पिता करते हैं, लेकिन विवि की ओर से जो पुरस्कार राशि मिलेगी, उससे वह अपनी सेमेस्टर फीस जमा करेगी। इस तरह पिता का बोझ थोड़ा ही सही पर कम होगा। ज्योति को उनके कोच विजय नाग ने तराशा है।
इसी तरह विवि के खेल विभाग ने भी प्रेरित किया। रजिस्ट्रार विवि डॉ. राजेश पांडेय ने बताया कि प्रतियोगिताओं में अव्वल रहे खिलाडिय़ों को पुरस्कृत करने विवि ने राशि स्वीकृत की है। इस पहल से खिलाड़ी प्रोत्साहित होंगे। जल्द ही इसके लिए एक कार्यक्रम कराया जाएगा।