
भिलाई. दुनिया कितनी तेजी से आगे बढ़ रही है। हम तो सिर्फ रेलगाड़ी का नाम सुनते थे, यहां बुलेट ट्रेन चलाने की तैयारी हो रही है। हम जंगल से आज बाहर निकले तो पता चला कि लोग कहां से कहां पहुंच गए हैं। ये बातें सीमा सुरक्षा बल के सहयोग से सूरत के शैक्षिक संस्थानों का भ्रमण करके लौटे घोर माओवाद प्रभावित कांकेर जिला के नक्सल पीडि़त युवाओं ने कही। २० आदिवासी युवकों ने एजुकेशन टूर से जुड़े अनुभव बीएसएफ आईजी जेबी सांगवाल और अन्य अधिकारियों के साथ सांझा किया।
अंतागढ़, कोयलीबेड़ा, रावघाट, भानुप्रतापपुर के घने जंगलों के बीच छोटे-छोटे गांवों में रहने वाले आदिवासी युवकों के लिए सूरत के रूप में भारत का विकास किसी चमत्कार से कम नहीं था। 10 वें आदिवासी युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम के तहत नेहरू युवा केंद्र कांकेर ओर बीएसएफ के सहयोग से युवाओं ने आदिवासी संस्कृति की महत्ता बताई।
जंगल के बाहर की दुनिया तेजी से दौड़ रही
बीए प्रथम वर्ष की छात्रा देवली ने बताया कि वह पहली बार कांकेर जिले से बाहर निकली। सूरत में लोगों की जिंदगी को इतनी तेजी से दौड़ते भागते देखकर अहसास हुआ कि हम कितने पीछे रह गए हैं। जंगल के बाहर की दुनिया सपने जैसा है। आदिवासी युवाओं के लिए कुछ अच्छा करने का सपना सूरत से साथ लेकर घर लौट
रही है।
पहली बार ट्रेन में चढऩे का मिला मौका
भानुप्रतापुर के लिम्हाटोला गांव के भूपेंद्र ने बताया कि वे पहली बार ट्रेन में चढ़े। इसके पहले रेलगाड़ी को पटरियों पर दौड़ते हुए देखते थे, लेकिन ट्रेन का सफर इतना रोमांचकारी होता है ये पहली बार जाना। बीएससी द्वितीय वर्ष के भूपेश अपनी मेहनत से माओवाद प्रभावित बच्चों को अच्छी शिक्षा देने का सपना आंखों में संजोए हुए हैं।
धमकाने आते थे नक्सली
कोयलीबेड़ा क्षेत्र के रहने वाले जीतेंद्र मंडावी का परिवार लाल आतंक का दंश सह चुका है। जीतेंद्र बताते हैं कि उनके परिवार को रोज नक्सली धमकाने के लिए आते थे। वे चाहते थे कि उनके परिवार का कोई भी सदस्य पुलिस की नौकरी न करे। इसलिए मानसिक और शरीरिक रूप से प्रताडि़त करते थे। बहुत समय बाद इन चीजों से छुटकारा मिला। इसलिए पढ़-लिखकर माओवादी हिंसा के शिकार बच्चों को उज्जवल भविष्य देेना चाहते हैं।
लाल आतंक का खामियाजा भुगत रहे युवा
एजुकेशनल टूर के तहत सूरत के शैक्षिक संस्थानों का भ्रमण करके लौटे एमए के छात्र अनिल कहते हैं कि बस्तर में शिक्षण संस्थाओं का आज भी सही तरीके से विकास नहीं हो पाया है। जिसका खामियाजा आदिवासी युवकों
को भुगतना पढ़ रहा है। बीएसएफ के सहयोग से हमें पहली बार अपनी सोच से परे जाकर दुनिया को देखने का मौका मिला है।