भिलाई

Breaking: गुस्से में लाल महिलाओं ने कमिश्नर को दो टूक कहा, पहले घर दो फिर तोडऩा

रोड निर्माण से प्रभावित लोगों ने नगर पालिक निगम भिलाई के जनदर्शन में कमिश्नर केएल चौहान को ज्ञापन सौंपकर आवास की मांग की।
2 min read
• •
Updated: 22 Jan 2018, 3:51 PM IST
patrika

भिलाई. खुर्सीपार से नंदिनी रोड पावर हाउस तक टू लेन रोड निर्माण से प्रभावित लोगों ने नगर पालिक निगम भिलाई के जनदर्शन में कमिश्नर केएल चौहान को ज्ञापन सौंपकर आवास की मांग की। साथ में यह भी कहा कि जब तक आवास नहीं दिया जाएगा, तब तक विरोध जारी रहेगा।

अपने घर को तोडऩे भी नहीं देंगे। कैनाल पर रोड निर्माण से प्रभावितों का कहना था कि २० मीटर चौड़ा रोड निर्माण से कई लोगों के घर का आधा हिस्सा टूट जाएगा, लेकिन निगम ने ऐसे लोगों को व्यवस्थापन के देने से इनकार कर दिया है। सर्वे सूची में नाम को भी शामिल नहीं किया गया है।

खुर्सीपार तांदुला मुख्य नहर से पावर हाउस नंदनी रोड तक कोहका केनाल पर तीन किलोमीटर लंबा और २० मीटर चौड़ा टू लेन रोड बनाया जाना है। २० मीटर चौड़ा रोड निर्माण से लगभग ३०० मकान और दुकान जद में आ रहे हैं। इनमें से लगभग १४८ लोगों का पूरा मकान ही टूट जाएगा।

बाकी लोगों के मकान और दुकान का आधे से अधिक टूटेगा, लेकिन निगम प्रशासन ने सभी लोगों को व्यवस्थापन देने से इनकार दिया है। लोगों का कहना है कि कई लोगों का मकान ३००-४०० फीट एरिया में बना हुआ है।

छोटे मकान का आधा हिस्सा टूट जाने कई परिवार बेघर हो जाएंगे। निगम प्रशासन जिनके घर पूरी तरह से टूट रहे हैं केवल उन्हीं लोगों को ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास देने का निर्णय लिया है।

१४८ को दिया है नोटिस
शिवाजी नगर जोन कार्यालय से १४८ लोगों को नोटिस जारी किया है। मकान मालिकों को आवास आवंटन की प्रक्रिया के तहत जोन-४ शिवाजी नगर कार्यालय में आवेदन जमा करने कहा गया है। साथ में आधार कार्ड, मतदाता परिचय पत्र और ५ हजार रुपए का शुल्क जमा करने कहा गया है।

नोटिस के बाद 70 लोगों ने राशि जमा कर दिया है। जिन लोगों ने राशि जमा नहीं किया है। जोन-४ शिवाजी नगर कमिश्नर संजय शर्मा ने उन्हें दूसरी बार नोटिस जारी किया है। सात दिन के अंदर राशि जमा करने के लिए कहा गया है।

80 हजार रुपए करना पड़ेगा जमा
जानकारी के अनुसार तोडफ़ोड़ की कार्रवाई से प्रभावितों को आम्रपाली वनांचल सिटी में प्रधानमंत्री आवास आवंटित किया जाएगा। आवास के बदले में ८० हजार रुपए जमा करना पड़ेगा। पहले किस्त में ५ हजार लिया जाएगा। बाकी राशि को किस्त के रूप में देना पड़ेगा।

Published on: