15 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

विदेश में पढ़ाई का क्रेज हुआ कम, दो साल में 31% घटे भारतीय छात्र, जानिए क्या है वजह?

Indian Students Studying Abroad: महंगी फीस, सख्त वीजा नियम और विदेशों में नौकरी की अनिश्चितता ने भारतीय युवाओं का रुझान बदल दिया है। अब अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों में पढ़ाई के लिए जाने वाले छात्रों की संख्या लगातार घट रही है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भिलाई

•

image

Khyati Parihar

•

Updated: 15 Nov 2026, 12:26 PM IST

Chhattisgarh News

विदेश में पढ़ाई का क्रेज हुआ कम (फोटो सोर्स- AI)

Study Abroad Trend: इंजीनियरिंग, मेडिकल और मैनेजमेंट की पढ़ाई के गढ़ दुर्ग-भिलाई सहित प्रदेशभर के युवाओं में विदेश जाकर उच्च शिक्षा लेने का क्रेज कम हो रहा है। अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों में बढ़ती फीस, सख्त वीजा नियम और नौकरी की अनिश्चितता ने विद्यार्थियों की चिंता बढ़ा दी है। शिक्षा क्षेत्र की संस्था 'एमेरिटस' की 'इंडियाज जेन' रिपोर्ट के मुताबिक, बीते एक साल में 48 प्रतिशत युवाओं की विदेश में पढऩे की रुचि घटी है। इसमें 37 प्रतिशत ने आर्थिक दबाव, 26 प्रतिशत ने वीजा व इमिग्रेशन की जटिलताओं और 24 प्रतिशत ने सुरक्षा व राजनीतिक अस्थिरता को प्रमुख वजह बताया है।

विदेशी शिक्षा के लिए युवाओं की पहली पसंद रहे अमेरिका को लेकर भी तस्वीर बदली है। रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका में पढ़ाई की योजना बना रहे 42 प्रतिशत युवाओं का आकर्षण पिछले एक साल में कम हुआ है। इनमें 41 प्रतिशत ने महंगी ट्यूशन फीस और 34 प्रतिशत ने कठोर वीजा नीतियों को इसका मुख्य कारण माना है।

गिरावट की पुष्टि

सरकारी आंकड़े भी इस बदलते रुझान की गवाही दे रहे हैं। ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन के अनुसार, वर्ष 2023 में 8,94,758 भारतीय विद्यार्थी पढ़ाई के लिए विदेश गए थे, जो 2024 में घटकर 7,60,060 और 2025 में महज 6,19,264 रह गए। इस तरह महज दो वर्षों में विदेश जाने वाले भारतीय छात्रों की संख्या में करीब 31 प्रतिशत की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है।

भिलाई के संस्थानों में हाइब्रिड मोड

विदेश जाने से कतरा रहे विद्यार्थियों के लिए अब दुर्ग-भिलाई के निजी विश्वविद्यालयों में ही कैम्ब्रिज और हार्वर्ड जैसे शीर्ष संस्थानों के कोर्स उपलब्ध हो गए हैं। हाइब्रिड मोड पर संचालित इन पाठ्यक्रमों मे ऑनलाइन कक्षाओं के साथ डाउट क्लीयरेंस के लिए विशेषज्ञ खुद भिलाई पहुंच रहे हैं। सर्वे में 72 प्रतिशत युवाओं ने माना कि देश में ही विदेशी विवि के प्रोग्राम कम खर्च में विश्वस्तरीय शिक्षा दे रहे हैं, जबकि 69 प्रतिशत युवा वीजा झंझट से बचने के लिए इसे बेहतर विकल्प मान रहे हैं। वहीं, 68 प्रतिशत युवाओं ने अपने ही देश या प्रदेश के संस्थानों में दाखिला लेने की इच्छा जताई है।

फैक्ट फाइल

  • 48% युवाओं की विदेश जाकर पढ़ाई करने की रुचि बीते एक साल में घटी।
  • 37% ने बढ़ती फीस व आर्थिक दबाव, 26% ने वीजा जटिलता और 24% ने सुरक्षा व राजनीतिक अस्थिरता को कारण माना।
  • 31% की गिरावट आई दो साल में विदेश जाने वाले भारतीय छात्रों में (2023 में 8,94,758 से घटकर 2025 में 6,19,264 रह गई संख्या)।
  • 42% युवाओं का आकर्षण अमेरिका में पढ़ाई को लेकर कम हुआ, 41% ने ट्यूशन फीस और 34% ने सख्त वीजा नीति को जिम्मेदार ठहराया।
  • 72% युवाओं का मानना है कि देश में ही विदेशी विश्वविद्यालयों के हाइब्रिड प्रोग्राम कम खर्च में विश्वस्तरीय शिक्षा दे रहे हैं।
  • 69% युवा वीजा झंझट से बचने और 68% अपने ही देश या प्रदेश के संस्थानों में दाखिला लेने को दे रहे हैं प्राथमिकता।