15 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

महाभारत की गाथा को 50 साल तक दिया स्वर, अब नई पीढ़ी को दे रहीं पंडवानी की सीख, जानें शांतिबाई का सफर

Pandavani Tradition: 11 साल की उम्र में पिता से पंडवानी सीखने वाली शांतिबाई चेलक पिछले 50 सालों से महाभारत की गाथा को अपने स्वर दे रही हैं। देशभर में एक हजार से अधिक प्रस्तुतियां दे चुकीं शांतिबाई अब बच्चों को पंडवानी का प्रशिक्षण देकर इस लोककला की विरासत नई पीढ़ी तक पहुंचाने में जुटी हैं।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भिलाई

•

image

Khyati Parihar

•

Updated: 15 Nov 2026, 1:05 PM IST

Chhattisgarh Folk Artist

शांतिबाई (फोटो सोर्स- पत्रिका)

भिलाई@पुनीत कौशिक। Chhattisgarh Folk Artist: पंडवानी की हर प्रस्तुति में महाभारत की कथा के साथ छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति और संगीत की गहरी साधना भी सुनाई देती है। इस कला को आधी सदी से अपनी आवाज दे रहीं भिंभौरी तिरगा गांव की शांतिबाई चेलक अब एक नई जिम्मेदारी निभा रही हैं। जिस पंडवानी को उन्होंने अपने पिता से सीखा, उसी विरासत को अब नई पीढ़ी तक पहुंचाने में जुटी हैं। उनका प्रयास है कि पंडवानी केवल मंचों और कलाकारों तक सीमित न रहे, बल्कि बच्चे भी इस विधा को सीखें और आगे चलकर इसके नए संवाहक बनें। इसके लिए वे अलग-अलग स्थानों पर बच्चों को प्रशिक्षण दे रही हैं और पंडवानी स्कूल शुरू करने की दिशा में प्रयास कर रही हैं।

पांच दशक से दे रही स्वर

शांतिबाई ने पंडवानी की शिक्षा अपने पिता आशाराम बघेल से ग्रहण की। उनके पिता स्वयं पंडवानी के बड़े कलाकार थे। घर में ही कथा, स्वर और लय का माहौल मिला। महज 11 साल की उम्र में गायकी शुरू करने वाली शांतिबाई पिछले करीब पांच दशक से महाभारत की गाथा को अपने स्वर दे रही हैं। इस दौरान उन्होंने एक हजार से अधिक कार्यक्रम किए हैं। दिल्ली, मुंबई, बेंगलूरु, पणजी, भोपाल, नागपुर और भुज सहित देश के अनेक शहरों में अपनी प्रस्तुति दी है। छत्तीसगढ़ के गांवों से लेकर बड़े राष्ट्रीय मंचों तक उनकी आवाज पहुंची है।

लोकगायकी में शास्त्रीय संगीत का अनुशासन…

शांतिबाई की गायकी की खासियत यह है कि उसमें लोकपरंपरा के साथ शास्त्रीय संगीत का अनुशासन भी सुनाई देता है। उनकी प्रस्तुति पारंपरिक पंडवानी की कापालिक शैली पर आधारित है। कथा के प्रसंगों के अनुसार स्वरों का उतार-चढ़ाव, लंबा आलाप, लय और भावों की अभिव्यक्ति उनकी गायकी को विशिष्ट बनाते हैं।

पुरस्कार से बड़ी है परंपरा को आगे बढ़ाने की चिंता

राज्य शासन के गुरु घासीदास चेतना अलंकरण सहित कई पुरस्कार और सम्मान प्राप्त कर चुकीं शांतिबाई के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि पंडवानी को आगे बढ़ाना है। शांतिबाई की आधी सदी की साधना अब केवल उनकी आवाज तक सीमित नहीं है। वे चाहती हैं कि आने वाले समय में पंडवानी के मंच पर नई पीढ़ी के कलाकार भी उसी आत्मविश्वास से महाभारत की गाथा सुनाएं। उनके लिए यही अपनी कला और अपने पिता से मिली विरासत का सबसे बड़ा सम्मान है।

संदेश

शांतिबाई कहती हैं कि कला की असली विरासत पुरस्कारों और मंचों से आगे बढक़र तब बनती है, जब उसे सीखने और आगे ले जाने वाले नए कलाकार तैयार हों।