
भिलाई. पुरैना के पास लूप लाइन में कोयले से लोड खड़ी मालगाड़ी (Goods train Bhilai) के ऊपर चढ़ा युवक ओवर हेड हाईटेंशन लाइन की जद में आ गया। करंट से झुलसने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। रेलवे पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है।
युवक के हाथ से टकराया ओएचटी तार
भिलाई तीन जीआरपी पुलिस (GRP Police) ने बताया कि घटना सोमवार दोपहर की है। पुरैना में किराए पर रहने वाला सूरज निषाद (22 वर्ष) ट्रैक से जा रहा था। वहीं लूप लाइन में कोयले से लोड मालगाड़ी खड़ी थी। उसी पर सूरज चढ़ गया। उसका हाथ ओएचटी तार से टकरा गया, जिससे पूरी तरह से वह झुलस गया। वह मालगाड़ी पर क्यों चढ़ा था, पुलिस इसकी जांच कर रही है।
नाबालिग ने की खुदकुशी
भिलाई के पतोरा निवासी जे ठाकुर (17 वर्ष) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उतई पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है। टीआई अवधराम साहू ने बताया कि सोमवार रात 10 से सुबह 4 बजे के बीच की घटना है। अलसबुह लोगों ने भाठापारा पतोरा निवासी जे ठाकुर की लाश एक पेड़ पर गमछे के फंदे पर झुलते देखा। मौके से कोई सुसाइडल नोट नहीं मिला। मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया।