अंतर जिला चीफ मिनिस्टर एलीट ग्रुप में खेले जा रहे मुकाबले में बीएसपी ने राजनांदगांव के सामने जीत के लिए ३५८ रन का मजबूत लक्ष्य रखा है।
भिलाई . अंतर जिला चीफ मिनिस्टर एलीट ग्रुप चार दिवसीय सीनियर क्रिकेट टूर्नामेंट के तहत मंगलवार को रायपुर स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैदान में खेले जा रहे मुकाबले में बीएसपी ने राजनांदगांव के सामने जीत के लिए ३५८ रन का मजबूत लक्ष्य रखा है। इस मुकाबले में बीएसपी ने पहली पारी में २८९ रन बनाए थे। उसके गेंदबाजों ने राजनांदगांव की पहली पारी में १८५ रन पर समेटकर १०४ रन की बढ़त हासिल कर ली थी। बढ़त के बाद दूसरी पारी में बीएसपी ने २५४ रन बनाकर राजनांदगांव के सामने जीत के लिए ३५८ रन का मजबूत लक्ष्य देने में कामयाब रही। लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजनांदगांव ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक तीन विकेट पर ४३ रन बना लिए। मैच के चौथे व अंतिम दिन बुधवार को राजनांदगांव के बल्लेबाज हार टालने के लिए संघर्ष करेंगे।
सहबान का दोहरा शतक, प्लेट कम्बाइंड ने धमतरी को पारी से हराया
दूसरे मैच में प्लेट कम्बाइंड ने सहबान खान के दोहरे शतक की बदौतल धमतरी को पारी और १३६ रन से करारी शिकस्त दी है। आरडीसीए मैदान में खेले गए इस मुकाबले में प्लेट कम्बाइंड ने धमतरी की पहली पारी को मैच के पहले दिन १२९ रन पर समेट दिया था। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी प्लेट कम्बाइंड में मैच के दूसरे दिन सोमवार को सहबान खाने के २२५ रन की धमाकेदार पारी और अनुपम टोप्पो के ७८ रन की पारी की बदौलत पहली पारी को ८ विकेट पर ४४२ रन का स्कोर बनाकर धमतरी पर ३१३ रन की बड़ी बढ़त हासिल कर ली थी। पिछडऩे के बाद मैच के तीसरे दिन धमतरी अपने दूसरी पारी के स्कोर ९४/५ रन से आगे खेलना शुरू किया, लेकिन प्लेट कम्बाइंड के गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर नहीं टिक सके और धमतरी की दूसरी पारी १७७ रन पर सिमट गई। प्लेट कम्बाइंड ने बल्लेबाजों के बाद गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की दम पर मैच के तीसरे दिन ही पारी और १३६ रन से मैच अपने नाम कर लिया। कम्बाइंड के गेंदबाज अनुराग यादव ने दूसरी पारी में ५ और उत्कर्ष तिवारी ने ३ विकेट लिए।
बिलासपुर को मिली एजी पर ५८ रन की बढ़त
बीएसपी मैदान में खेले जा रहे मैच में बिलासपुर ने अपने बल्लेबाजों के दम पर एजी के खिलाफ पहली पारी में ५८ रन की अहम बढ़त हासिल करने में कामयाब रही। इस मैच में बिलासपुर के गेंदबाजों ने एजी की पहली पारी को २४२ रन पर रोक दिया था। जवाब में बिलासपुर ने मैच के तीसरे दिन मंगलवार को आशीष पांडे के ७४, मो. इरफान के ७८ और मो. शाहबान हुसैन के नाबाद ६० रन की अर्धशतकीय परियों के दम पर पहली पारी में ३०० रन बना लिए और एजी पर ५८ रन की बढ़त हासिल कर ली। पिछडऩे के बाद दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरे एजी के बल्लेबाजों ने संभलकर खेलना शुरू किया और तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक ७ विकेट पर १९४ रन बना लिए, जिसमें ऋषभ तिवारी ने ५६ व मनोज सिंह ने ७० रन की पारी खेली। अब बुधवार को मैच के अंतिम दिन का खेल खेला जाएगा।