भिलाई

सीएम कार्यक्रम के लिए बसें अधिग्रहित, स्कूलों में तीन दिन की छुट्टी, दैनिक यात्री भी भटकते रहे

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यक्रम में लोगों की भीड़ जुटाने सिटी और स्कूल बसों का अधिग्रहित करने का साइड इफैक्ट दुर्ग-भिलाई में नजर आया।
2 min read
Aug 03, 2018
bhilai patrika
सीएम कार्यक्रम के लिए बसें अधिग्रहित, स्कूलों में तीन दिन की छुट्टी, दैनिक यात्री भी भटकते रहे

भिलाई. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यक्रम में लोगों की भीड़ जुटाने सिटी और स्कूल बसों का अधिग्रहित करने का साइड इफैक्ट दुर्ग-भिलाई में नजर आया। सिटी बसों में नियमित सफर करने वाले यात्री भटकते रहे। प्रतिदिन की तरह चौक-चौराहे पर खड़े होकर बसों का इंतजार करते रहे। जिला प्रशासन की ओर से अचानक इस तरह की व्यवस्था परिवर्तन से न सिर्फ लोगों को खासी परेशानी हुई, बल्कि निजी माध्यमों से अधिक कीमत पर यात्रा करनी पड़ी।

सुबह 10 बजे ही छुट्टी दे दी गई

वहीं सरकारी स्कूलों के अलावा निजी स्कूलों में बस अधिग्रहण होने के कारण बच्चों को तीन दिन तक छुट्टी दे दी गई है। बच्चे रोज की तरह आज भी नियमित समय पर स्कूल पहुंचे गए थे किंतु सुबह 10 बजे ही छुट्टी दे दी गई। आज शुक्रवार और कल शनिवार को हॉफ-डे तथा रविवार को साप्ताहिक अवकाश के कारण स्कूलों में तीन दिनों तक छुट्टी रहेगी।

रविशंकर शुक्ल स्टेडियम दुर्ग में स्मार्ट फोन वितरण का शुभारंभ
बता दें कि मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने पंडित रविशंकर शुक्ल स्टेडियम दुर्ग में शुक्रवार को संचार क्रांति स्काई स्कीम के तहत स्मार्ट फोन वितरण का शुभारंभ किया। योजना के तहत बीपीएल परिवार के हितग्राहियों को मोबाइल फोन, साइकिल, सिलाई मशीन, उज्ज्वला गैस, श्रमिक कार्ड का वितरण किए। इस कार्यक्रम मेंं दुर्ग, भिलाई, पाटन, उतई, कुम्हारी, नंदिनी अहिवारा, जामुल, चरोदा आदि ग्रामीण क्षेत्रों के हितग्राहियों और पार्टी कार्यकर्ताओं को लाने जिला प्रशासन ने ४५ सिटी बस और निजी स्कूलों के बसों को हायर किया है।

45 सिटी बसों का परिचालन बंद

लोगों को घरों से कार्यक्रम स्थल तक लाने और वापस छोडऩे के लिए दुर्ग-भिलाई, कुम्हारी, अहिवारा, उतई, अंडा, नगपुरा, धमधा से कुम्हारी रूट पर चलने वाली 45 सिटी बसों का परिचालन बंद कर दिया है। क्षेत्रीय परिवहन विभाग ने सभी बस चालकों की ड्यूटी दुर्ग और भिलाई के 70 वार्डों के हितग्राहियों को कार्यक्रम स्थल लाने ले-जाने के लिए लगाई गई है।

यहां नजर आया साइड इफैक्ट
सिटी बसों का परिचालन बंद होने का साइड इफैक्ट बस स्टैंड दुर्ग, डॉ राजेन्द्र प्रसाद चौक, मालवीय नगर चौक, सुपेला घड़ी चौक, पावर हाउस चौक, खुसीपार तिराहा पर नजर आया। सुबह ८ बजे से सिटी बस में कुम्हारी जाने वाले लोग बस का इंतजार करते रहे। मजबूरी में उन्हें टैक्सी और ऑटो में सफर करना पड़ा।नियमित आवागमन करने वालों को सिटी बसों का पास होने के बाद भी आज अतिरिक्त राशि खर्च करनी पड़ी। वहीं कुछ लोगों ने बस के अभाव में आज की आगे की यात्रा रद्द कर दी।

Updated on:
03 Aug 2018 02:51 pm
Published on:
03 Aug 2018 02:51 pm