
भिलाई . उच्च शिक्षा मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय ने भी संजय दत्त पर आधारित फिल्म संजू देख ली है। हालांकि उन्होंने यह फिल्म थिएटर पहुंचकर नहीं, बल्कि अपने मोबाइल पर देखी है। इसका खुलासा उन्होंने खुद ही किया। शनिवार को बीआईटी दुर्ग में हुए लैपटॉप वितरण के दौरान उन्होंने यह बात बताई। उन्होंने इंफोर्मेशन टेक्नोलॉजी से जोड़ते हुए संजू का रिव्यू भी दिया। हॉल में मौजूद सभी विद्यार्थियों से पूछा, कितनों ने यह फिल्म देखी और कितनों ने नहीं। इस पर खुद ही मुस्कुरा उठे। बोले, संजू भी इंफोर्मेशन की बात करती है। इस फिल्म के कुछ गाने और दो और चीज आपके इंटरनल पॉवर को इंस्पायर करती है। कुछ गाने हैं, फिल्म के गाने आपको हर परिस्थति में खुश रहने की सीख देते हैं। उन्होंने लैपटॉप पाने वाले विद्यार्थियों से कहा कि इंफार्मेशन को जज करना सीखिए। वॉट्सएप और फेसबुक पर आने वाले हर कंटेंट को बिना कुछ सोचे समझे फॉरवर्ड नहीं करें, बल्कि पहले उसकी सच्चाई जानने की कोशिश कीजिए।
और चेहरों पर खिल उठी गजब मुुस्कान
जिले के इंजीनियरिंग कॉलेजों से इस साल पास आउट हुए फाइनल ईयर छात्रों के चेहरे शनिवार को खुशी से खिल उठे। लंबे इंतजार के बाद उन्हें सरकारी लैपटॉप वितरित कर दिए गए। लैपटॉप वितरण के लिए बीआईटी, दुर्ग में सेंट्रलाइज कार्यक्रम कराया गया, जिसमें उच्च शिक्षा मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने करीब 50 विद्यार्थियों को अपने हाथों से लैपटॉप वितरित किए। इस कार्यक्रम में जिले के 28 इंजीनियरिंग कॉलेजों से करीब 550 विद्यार्थियों को बुलाया गया था। हर कॉलेज से २०-२० विद्यार्थी शामिल हुए। मंत्री ने संस्थानों के 2-2 विद्यार्थियों को खुद लैपटॉप दिए।
कुल ५१२१ को दिए गए मोबाइल
शेष विद्यार्थियों को कार्यक्रम समाप्त होने के बाद डिवाइस दी गई। जिले के 28 इंजीनियरिंग और एक वेटरनरी कॉलेज को मिलाकर कुल 5121 विद्यार्थियों को लैपटॉप मिले हैं। उच्च शिक्षा मंत्री ने विद्यार्थियों से कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी के साथ बने रहने में यह लैपटॉप उनके बड़े काम आएगा। उन्होंने हमेशा इसका सदुपयोग करने की सीख दी। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री रमशीला साहू, दुर्ग महापौर चंद्रिका चंद्राकर भी मौजूद थीं।
कलेक्टर बोले, लैपटॉप इस्तेमाल करें बेचे नहीं
कार्यक्रम में दुर्ग जिला कलक्टर उमेश अग्रवाल विशिष्ठ अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने कहा कि हमेशा से ही यह शिकायत आती रही है कि विद्यार्थी लैपटॉप मिलने के बाद उसे बेच दिया करते हैं। यह लैपटॉप आपको हमेशा अच्छी याद दिलाएगा, इसलिए इसे संभालकर रखें, कॅरियर के लिए उपयोग करें। इसे बिल्कुल भी न बेचें। इस दौरान तकनीकी शिक्षा निदेशालय के डायरेक्टर विवेक आचार्य, श्रीगंगाजलि एजुकेशन सोसाइटी अध्यक्ष आईपी मिश्रा, बीआईटी के प्राचार्य डॉ. अरुण अरोरा सहित तमाम इंजीनियरिंग कॉलेजों के डायरेक्ट व प्राचार्य भी मौजूद थे।
------------------