भिलाई

लीज नवीनीकरण में प्रीमियम की गणना बीएसपी टाउनशिप के व्यापारियों को मान्य नहीं

भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन द्वारा लीज नवीनीकरण से संबंधित प्रकरणें को आधार बनाकर बनाए जा रहे कथित दबाव से टाउनशिप के लीजधारी व्यापारी भड़क गए है।
2 min read
• •
Updated: 23 Jun 2018, 11:10 PM IST
SAIL BSP
लीज नवीनीकरण में प्रीमियम की गणना बीएसपी टाउनशिप के व्यापारियों को मान्य नहीं

भिलाई. भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन द्वारा लीज नवीनीकरण से संबंधित प्रकरणें को आधार बनाकर बनाए जा रहे कथित दबाव से टाउनशिप के लीजधारी व्यापारी भड़क गए है। स्टील सिटी चेंबर ऑफ कॉमर्स ने कहा है कि प्रबंधन शहर के शांत व्यापारियों को प्रताडि़त कर उद्वेलित करने की बजाए चर्चाकर इस मुद्दे के सम्मानजनक हल करने का प्रयास करें। प्रबंधन शहर में समाप्त हो रहे व्यवसाय को व्यवस्थित करने की दिशा में सोचे। यदि ऐसा नहीं हुआ तो व्यापारी आंदोलन भी कर सकते हैं।

शहर में अशांति का माहौल निर्मित हो
स्टील सिटी चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष ज्ञानचंद जैन ने कहा है कि चेंबर के महासचिव दिनेश सिंघल जिनका प्रकरण वर्तमान में जिला न्यायालय में विचाराधीन है, को आधार बनाकर बीएसपी के अधिकारी व्यापारियों से किसी भी रास्ते से लीज नवीनीकरण की राशि वसूलना चाहते हैं। जैन ने बीएसपी अधिकारियों से कहा है कि वे इस प्रकरण में विभागीय निर्देशों का पालन करें और जब तक समस्या का कोई सम्मानजनक हल न निकले ऐसा कोई कार्य न करें जिससे शहर में अशांति का माहौल निर्मित हो।

बीएसपी प्रबंधन के कथित बहकावे में नहीं आने का आग्रह

उन्होंने सभी व्यापारियों से एकजुटता और बीएसपी प्रबंधन के कथित बहकावे में नहीं आने का आग्रह किया है। उन्होंने वर्तमान दर पर लीज नवीनीकरण की स्वीकृति नहीं देने की भी अपील की है। जैन ने बताया कि जीएसटी एवं अन्य विभिन्न कर जो इस मद में जोड़ दिए गए हैं, उसे भी समाप्त करने मंत्री को पत्र लिखने की जानकारी व्यापारियों को दी है।

मंत्री पांडेय ने पीएम से किया है आग्रह
जैन ने बताया है कि लीजधारकों की इस समस्या के समाधान के लिए राजस्व मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय स्वयं पहल कर रहे हैं। उन्होंने हाल ही में दौरे पर आए प्रधानमंत्री को सौंपे ज्ञापन में इसका उल्लेख किया है। उन्होंने कहा है कि भिलाई में ही नहीं, पूरे देश में सामाजिक, धार्मिक, शैक्षणिक एवं व्यापारिक संस्थानों पर लीज नवीनीकरण को लेकर अव्यवहारिक कर लगाया गया है। नियमानुसार लीज नवीनीकरण में सिर्फ लीज रेंट बढ़ाई जाती है न कि प्रीमियम की पुनर्गणना की जाती है।

Published on: