भिलाई

जेल में बंद गुरमीत बाधवा पर एक और केस, मंत्री संग फोटो दिखाकर धमकी, अस्पताल से 20 लाख की उगाही का आरोप

Crime News: आरोप है कि उसने 20 लाख रुपए की मांग करते हुए कहा कि रकम नहीं देने पर फर्जी शिकायतों और आरटीआई के जरिए कार्रवाई करवाई जाएगी।

2 min read
Apr 26, 2026
आरोपी गुरमीत सिंह बाधवा (फोटो सोर्स- पत्रिका)

CG Crime News: अस्पताल प्रबंधन को ब्लैकमेल कर लाखों रुपए की मांग करने के मामले में गिरफ्तार गुरमीत सिंह बाधवा के खिलाफ एक और प्रकरण दर्ज किया गया है। इस बार सुपेला थाना में स्पर्श अस्पताल के महाप्रबंधक अखिल मडाने की शिकायत पर कार्रवाई हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 308(4) तथा छत्तीसगढ़ चिकित्सा सेवक एवं चिकित्सा सेवा संस्थान अधिनियम 2010 की धारा 3 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें

CG Crime News: साहब तक पहुंचाना है, जशपुर अस्पताल में 5000 रुपये रिश्वत लेते बाबू का वीडियो वायरल, मचा हड़कंप

जानें पूरा मामला

पुलिस के अनुसार, 25 अप्रैल को दर्ज शिकायत में बताया गया है कि सुंदर नगर निवासी गुरमीत बाधवा अस्पताल पहुंचकर खुद को बड़े नेताओं से जुड़ा बताते हुए प्रबंधन पर दबाव बनाने लगा। उसने अस्पताल की व्यवस्थाओं में कथित खामियां गिनाते हुए जांच कराने और अस्पताल बंद करवाने की धमकी दी।

आरोप है कि उसने 20 लाख रुपए की मांग करते हुए कहा कि रकम नहीं देने पर फर्जी शिकायतों और आरटीआई के जरिए कार्रवाई करवाई जाएगी। प्रबंधन का कहना है कि आरोपी पहले भी कई बार अस्पताल आकर कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार कर चुका है। जनवरी 2026 में भी उसने स्टाफ को धमकाया था और फर्जी मामलों में फंसाने की बात कही थी। इसके अलावा फोन के जरिए लगातार दबाव बनाकर पैसे की मांग की जाती रही।

मीडिया से जुड़ा बताकर बनाई दबाव की रणनीति

शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी खुद को मीडिया से जुड़ा बताकर अस्पताल की छवि खराब करने की कोशिश कर रहा था। उसने कुछ न्यूज चैनलों को बयान देकर दबाव बनाने का प्रयास किया और आरटीआई सहित अन्य शिकायतों का दुरुपयोग कर उगाही की कोशिश की।

मंत्री के साथ फोटो दिखाकर दी धमकी

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, आरोपी ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के साथ अपनी तस्वीर दिखाते हुए खुद को अधिकृत अधिकारी बताया और अस्पतालों की जांच का अधिकार होने का दावा किया। उसने पर्यावरण नियमों के उल्लंघन, ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना और भवन निर्माण में अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए अस्पताल को सील कराने की धमकी भी दी। फिलहाल आरोपी गुरमीत बाधवा पहले से ही जेल में है और पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें

शोभायात्रा से घर नहीं लौटा बेटा, चाकू हमले में घायल युवक की मौत, शव देख मां का फटा कलेजा
Published on:
26 Apr 2026 07:04 pm
Also Read
View All