
भिलाई। cg weather update : अधिकतम तापमान के मामले में दुर्ग जिला शनिवार को प्रदेश में सबसे गर्म रहा। दिन का पारा दोबारा बढ़कर 34.2 डिग्री पर पहुंच गया। एक दिन पहले ही इसमें दो डिग्री की कमी दर्ज की गई थी। तब तापमान 33.6 डिग्री रिकॉर्ड हुआ था। इन दिनों सर्वाधिक तापमान दुर्ग के बाद राजनांदगांव में 34 डिग्री पर बना हुआ है। वहीं इन दिनों सबसे कम अधिकतम तापमान अंबिकापुर में 29.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है।
मानसून अब छत्तीसगढ़ से पूरी तरह विदा हो चुका है। ऐसे में मौसम शुष्क बना हुआ है। इससे तेज उमस का अहसास हो रहा है। यही उमस स्वास्थ्य को भी खराब कर रही। हाल के कुछ दिनों में अस्पातालों में सर्दी, खांसी और जुकाम के मरीजों की संख्या भी इसी उमस ने बढ़ाई है। मौसम अजीब सा हो गया है। ठंड की नजदीकी के बावजूद रात का यानी न्यूनतम तापमान बढ़ रहा है।
हफ्तेभर पहले तक न्यूनतम तापमान ४ डिग्री की गिरावट के साथ २० डिग्री पर पहुंच गया था। लेकिन मौसम बदलते इसमें बढ़ोतरी हुई और शनिवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री बढ़ोतरी के साथ २३.४ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।