
दौड़ेगी नई ई-बस (photo Patrika)
Bhilai Durg E-Bus Service: प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत भिलाई-दुर्ग सहित प्रदेश के पांच शहरों में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की दिशा में एक और कदम बढ़ा है। रविवार को नवा रायपुर, अटल नगर स्थित मंत्री निवास में उपमुख्यमंत्री अरुण साव की अध्यक्षता में बस संचालन एजेंसी चार्टर्ड स्पीड लिमिटेड के साथ कन्सेशन एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर किए गए।
इस दौरान रायपुर, बिलासपुर, कोरबा और दुर्ग-भिलाई शहरों में ई-बस संचालन को लेकर समझौता हुआ। कार्यक्रम में नगर निगम भिलाई की आयुक्त सुरुचि सिंह भी मौजूद थीं। बसों के रूट निर्धारित किए जा चुके हैं और उनके संबंध में राजपत्र में प्रकाशन भी हो चुका है। अब प्रशासनिक और तकनीकी तैयारियां पूरी होने के बाद बसों का संचालन शुरू होने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के तहत शासन ने भिलाई-दुर्ग क्षेत्र के लिए 50 बसों को स्वीकृति दी है। इन बसों को शहर के प्रमुख मार्गों के साथ आसपास के ग्रामीण और अर्धशहरी क्षेत्रों से जोडऩे की योजना है। प्रस्तावित रूट में दुर्ग रेलवे स्टेशन से माना एयरपोर्ट और नया रायपुर तक की कनेक्टिविटी प्रमुख है। इसके अलावा अहिवारा, उतई, पाटन, गुंडरदेही, रायपुर बस स्टैंड और कचांदूर स्थित सीएम गवर्नमेंट हॉस्पिटल तक भी बसें चलाने की तैयारी है।
ई-बस सेवा शुरू होने से भिलाई-दुर्ग जिले के करीब 20 लाख लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है। खासकर रोजाना नौकरी पर जाने वाले कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं और अन्य यात्रियों को सस्ती एवं सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन सेवा मिल सकती है। रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट तक पहुंचने वाले यात्रियों के लिए भी यह सेवा उपयोगी साबित होगी। नेहरू नगर के आगे ई-बस स्टैंड बनकर तैयार हो चुका है। बसों की चार्जिंग के लिए भी स्टैंड तैयार किया जा रहा है। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से डीजल बसों की तुलना में प्रदूषण कम करने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।
निर्धारित रूट के अनुसार दुर्ग बस स्टैंड से राजेंद्र पार्क चौक, मालवीय चौक, नेहरू नगर चौक, सुपेला, पावर हाउस रेलवे स्टेशन, बोगदा पुलिया जामुल, अहेरी, बानबरद, अहिवारा, गिरहोला, चंडीभाठा और लिम्हा चौक होते हुए बेरला तक पांच ई-बसें चलाने की योजना है। इसके अलावा दुर्ग से गुंडरदेही, पाटन, उतई और रायपुर के लिए भी ई-बस सेवा शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
रूट निर्धारण और संचालन एजेंसी के साथ समझौते के बाद अब यात्रियों को ई-बस सेवा शुरू होने का इंतजार है। आवश्यक परमिट सहित शेष प्रशासनिक और तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद बसों के सडक़ों पर उतरने का रास्ता साफ होगा। सेवा शुरू होने से भिलाई-दुर्ग के शहरी क्षेत्रों के साथ आसपास के कस्बों और ग्रामीण इलाकों की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
Updated on:
12 Oct 2026 03:57 pm
Published on:
12 Oct 2026 03:57 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
