12 अक्टूबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

E-bus Service: रायपुर में 100 नई ई-बसों के रूट जनता तय करेगी, ऑनलाइन सर्वे से बताएं कहां चाहिए बस सेवा

E-bus Service: ई-बस सेवा योजना के तहत 100 नई ई-बसें चलाने की तैयारी है। नगर निगम ऑनलाइन सर्वे के जरिए जनता से बस रूट के सुझाव लेगा। जरवाय में साढ़े 13 करोड़ रुपए से ई-बस डिपो बन रहा है।
2 min read
Google source verification
E-bus Service

रायपुर में दौड़ेगी 100 नई ई-बस (photo Patrika)

Raipur e-bus service: शहर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम जल्द ही 100 नई ई-बसों का संचालन शुरू करने की तैयारी कर रहा है। पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत मिलने वाली इन बसों के संचालन से पहले निगम ने लोगों की राय को प्राथमिकता देने का फैसला किया है। इसके लिए ऑनलाइन सर्वे की पहल की जा रही है, ताकि शहरवासी बता सकें कि उन्हें किन सड़क मार्गों पर बसों की सबसे ज्यादा जरूरत है। इससे कॉलेज, ऑफिस, बाजार और अन्य जरूरी स्थानों तक पहुंचने के लिए सुविधाजनक रूट तय करने में मदद मिलेगी।

सर्वे से यात्रियों की वास्तविक जरूरतों का आकलन

नगर निगम की मंशा है कि ई-बसों के रूट केवल प्रशासनिक स्तर पर तय करने के बजाय आम लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों को भी ध्यान में रखा जाए। इसके लिए नागरिकों से पूछा जा रहा है कि वे प्रतिदिन किस रास्ते से आते-जाते हैं और किन मार्गों पर सार्वजनिक परिवहन की सुविधा बढ़ाई जानी चाहिए। ऑनलाइन लिंक के माध्यम से लोग लगभग एक मिनट में अपनी राय दे सकेंगे। निगम को उम्मीद है कि इस सर्वे से यात्रियों की वास्तविक जरूरतों का आकलन कर ई-बसों के रूट निर्धारित करने में मदद मिलेगी।

सफर आपका रूट भी आपकी पसंद का

शहर में कई ऐसे मार्ग हैं, जहां लोगों को कॉलेज, कार्यालय, बाजार और अन्य जरूरी स्थानों तक पहुंचने के लिए परिवहन के बेहतर विकल्पों की जरूरत पड़ती है। ऐसे में ई-बसों के रूट तय करने से पहले जनता से सुझाव लेने की पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है। सर्वे के जरिए यह जानने की कोशिश होगी कि किन मार्गों पर यात्रियों की आवाजाही अधिक है और कहां बस सेवा शुरू होने से लोगों को राहत मिल सकती है। नगर निगम को केवल रूट ही नहीं, बल्कि ई-बसों के संचालन से जुड़ी व्यवस्थाएं भी पूरी करनी हैं। बसों में कंडक्टर की तैनाती और टिकट कलेक्शन की जिम्मेदारी संभालने के लिए एजेंसी तय करने की प्रक्रिया भी जरूरी होगी। रूट निर्धारण और संचालन की व्यवस्थाएं पूरी होने के बाद बस सेवा शुरू करने की दिशा में आगे बढ़ा जा सकेगा।

जरवाय में साढ़े 13 करोड़ से बन रहा ई-बस डिपो

ई-बसों के संचालन के लिए हीरापुर के जरवाय में डिपो तैयार किया जा रहा है। इस डिपो के निर्माण पर करीब साढ़े 13 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। यहीं से शहर के अलग-अलग मार्गों पर बसों का संचालन प्रस्तावित है। डिपो में मुख्य चार्जिंग स्टेशन के प्लेटफॉर्म तैयार किए जा रहे हैं, ताकि बसों को चार्ज करने और नियमित संचालन की व्यवस्था बनाई जा सके। नगर निगम का दावा है कि चार्जिंग स्टेशन और डिपो का काम तेजी से चल रहा है। निगम आयुक्त संबित मिश्रा भी हाल ही में निर्माणाधीन ई-बस डिपो का जायजा ले चुके हैं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाने और संबंधित एजेंसी के काम की लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश अधिकारियों को दिए थे।

सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाने की तैयारी

पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत रायपुर को मिलने वाली 100 ई-बसों से शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। हालांकि, बस सेवा का वास्तविक लाभ इस बात पर निर्भर करेगा कि रूट यात्रियों की जरूरत के अनुसार तय हों और चार्जिंग, टिकटिंग सहित अन्य व्यवस्थाएं समय पर पूरी हों। ऑनलाइन सर्वे के जरिए जनता की भागीदारी सुनिश्चित करने की कोशिश इसी दिशा में एक कदम है। अब यह देखना होगा कि सर्वे से मिले सुझावों को रूट निर्धारण में किस तरह शामिल किया जाता है और शहरवासियों को नई ई-बसों की सुविधा कब तक मिल पाती है।