
दुर्ग. मतदान के दौरान जिले के 130 केंद्रों की सम्पूर्र्ण गतिविधियां कैमरे की नजर में रहेगी। इन गतिविधियों में वेव कॉस्टिंग के माध्यम से ऑनलाइन भी किया जाएगा। यानि निवार्चन आयोग और इससे जुड़े अफसरों के अलावा आम आदमी भी इन गतिविधियों को सीधे देख सकेंगे।
कैमरे सीधे निर्वाचन आयोग की वेबसाइट से जुड़े रहेंगे
निर्वाचन आयोग द्वारा मतदान के दौरान पारदर्शिता के मद्देनजर यह व्यवस्था की जा रही है। कलक्टर उमेश अग्रवाल ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन केद्रों में अन्य व्यवस्थाओं के साथ सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। कैमरे सीधे निर्वाचन आयोग की वेबसाइट से जुड़े रहेंगे। उन्होंने बताया कि पाटन के 24, दुर्ग ग्रामीण के 22, दुर्ग शहर के 21, भिलाई नगर के 17, वैशाली नगर के 24, अहिवारा के 20 और साजा के 2 विधानसभा की गतिविधियों की वेब कॉस्टिंग कराई जाएगी।
584 केंद्र संवेदनशील
कलक्टर ने बताया कि जिले के 1442 मतदान केंद्रों में से 584 को संवेदनशील के रूप में चिन्हित किया गया है। इनमें सर्वाधिक संख्या पाटन में 128 है। इसके अलावा दुर्ग ग्रामीण में 77, शहर में 68 , भिलाई नगर में 56, वैशाली नगर में 102, अहिवारा में 96, साजा में 48 और बेमेतरा में 9 मतदान केंद्र शामिल है। यहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कराए जाएंगे।
262 रूट से पहुंचेगा दल
कलक्टर ने बताया कि मतदान केंद्रों तक सामग्री व दल पहुंचाने के लिए 262 रूट तय किए गए हैं। इन मार्गों से मतदान दल को पहुंचाने व वापस लाने का काम किया जाएगा। इसके लिए रूट का वेरीफिकेशन कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि मतदान के दौरान 347 माइक्रो आब्जर्वर और सेक्टर प्रभारी नजर रखेंगे।
9 केंद्र केवल महिलाओं के लिए
कलक्टर ने बताया कि जिले में पहली बार संगवारी मतदान केंद्र बनाए जा रहे हैं। ऐसे 9 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यहां मतदान दल, सुरक्षा कर्मी से लेकर सभी कर्मी महिलाएं होंगी। यहां पर केवल महिला मतदाताओं को मतदान करने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सुविधा के लिहाज से दुर्ग, भिलाई व वैशाली नगर में अधिकतर महिला कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।