Chhattisgarh Rains: मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा ने बताया कि अब रविवार-सोमवार से दिन और रात के तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है।
Chhattisgarh Rains: दुर्ग का अधिकतम तापमान अभी भी बढ़ते क्रम में बना हुआ है। 15 जून शुक्रवार को पारा सामान्य से 3.3 डिग्री की बढ़ोतरी के बाद 40.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रात का तापमान भी करीब 4 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 29.4 डिग्री सेल्सियस रहा। इस तरह दिनभर तपिश के बाद शाम को भी गर्म लपटों और उमस से राहत नहीं मिली। हालांकि रात में कुछ देर के लिए करीब 48 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चली।
अंधड़ से धूल के गुबार उड़े। राजनांदगांव जिले में तेज हवाओं के साथ करीब एक घंटा झमाझम बारिश हुई, लेकिन दुर्ग सूखा रहा। मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा ने बताया कि अब रविवार-सोमवार से दिन और रात के तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है। मानसून गुरुवार तक बीजापुर में बना हुआ था जिसमें अब सक्रियता दिख रही है।
मानूसन लगातार आगे बढ़ते हुए बीजापुर से पार हो गया है, जिसके 16 जून के आसपास रायपुर संभाग और 18 जून तक दुर्ग संभाग में दस्तक देने की संभावना है। इससे पहले दुर्ग और रायपुर संभाग में अगले कुछ दिन तेज धूप और उमस का कहर जारी रहेगा, लेकिन इसके बाद बारिश थोड़ी राहत पहुंचाएगी।
इसके अलावा मध्य उत्तरप्रदेश से पूर्व मेघालय तक बनी द्रोणिका के असर से भी छत्तीसगढ़ का मौसम बदलना संभावित है। मौसम विभाग ने कहा है कि शनिवार को लो प्रेशर जोन से दुर्ग जिले के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।