Domino’s outlet vandalism: दुर्ग के सुपेला इलाके में डोमिनोज पिज्जा आउटलेट में ऑर्डर मिलने में देरी पर एक ग्राहक ने हंगामा कर दिया।
Domino’s outlet vandalism: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पिज्जा मिलने में देरी को लेकर एक ग्राहक ने डोमिनोज पिज्जा आउटलेट में हंगामा कर दिया। नाराज ग्राहक ने कर्मचारियों से बदसलूकी की और गुस्से में आकर ऑर्डर लेने वाले मॉनिटर को तोड़ दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह मामला सुपेला थाना क्षेत्र के नेहरू नगर स्थित डोमिनोज पिज्जा आउटलेट का है। यहां ढाकेश्वर कुमार (38) क्लस्टर मैनेजर के रूप में कार्यरत हैं और उतई रोड स्थित साव आटा चक्की के पास रहते हैं।
गुरुवार रात करीब 9:15 बजे नरेंद्र मानिकपुरी नाम का युवक आउटलेट पहुंचा और पिज्जा का ऑर्डर दिया। कुछ समय तक इंतजार करने के बाद वह काउंटर पर पहुंचा और ऑर्डर देर से मिलने की बात को लेकर कर्मचारियों से बहस करने लगा। उस समय काउंटर पर मौजूद कर्मचारी जया साहू और शिवचरण से उसकी कहासुनी हो गई। (pizza order delay fight) कर्मचारियों ने ग्राहक को बताया कि अगर ऑर्डर रद्द किया जाता है तो भुगतान की गई राशि 48 घंटे के भीतर ऑनलाइन वापस कर दी जाएगी।
यह सुनकर युवक और अधिक नाराज हो गया और तुरंत नकद पैसे लौटाने की मांग करने लगा। इसके बाद उसने कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और आउटलेट के अंदर हंगामा करने लगा। गुस्से में उसने काउंटर पर रखे कंप्यूटर मॉनिटर पर मुक्का मार दिया, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गया। साथ ही दुकान में तोड़फोड़ भी की और कर्मचारियों को धमकी देते हुए वहां से चला गया।
घटना के समय मौजूद कर्मचारी जया साहू, शिवचरण, असलम अंसारी और जसमीत सिंह ने पुलिस को पूरी जानकारी दी। कर्मचारियों का कहना है कि युवक लगातार अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहा था और मारपीट करने की भी कोशिश कर रहा था, जिससे दुकान का माहौल बिगड़ गया। क्लस्टर मैनेजर ढाकेश्वर कुमार की शिकायत के आधार पर सुपेला थाना पुलिस ने आरोपी नरेंद्र मानिकपुरी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।