
भिलाई. कोरोना के बचाव के लिए दुर्ग जिले में एक सप्ताह का पूर्ण लॉकडाउन किया गया है। इस बीच कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे और एसपी प्रशांत ठाकुर ने लॉकडाउन की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। उन्होंने जिले के बॉर्डर चेक पोस्ट कुम्हारी टोल नाका व धमधा बार्डर पहुंच कर वस्त ुस्थिति का जायजा लिया। कोरोना के संक्रमण को देखते हुए उन्होंने चेक पोस्ट पर तैनात जवानों व अधिकारियों को सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि लोगों के आवाजाही पूर्णत: प्रतिबंधित की गई है। इसका गंभीरता से पालन करेंगे और अनावश्यक आने जाने वाले पर रोक लगाए।
कलेक्टर ने इस दौरान कहा कि जरूरी कार्य व किसी क्षेत्र में ड्यूटी पर आने जाने वाले लोगों के पास की चेकिंग करें। चार पहिया वाहन में आने जाने वाले लोगों की सरप्राइज जांच आवश्यक रूप से करें। कलेक्टर ने कहा कि लॉकडाउन के दौरान निर्देशित सभी नियमों का कड़ाई से पालन करे।
फ्लैग मार्च कर पहुंचे भिलाई-चरोदा
कलेक्टर एवं एसपी ने भिलाई नगर पुलिस अधीक्षक कार्यालय से फ्लैग मार्च करते हुए भिलाई 3 होते हुए मंगल भवन भिलाई मार्ग चरोदा निगम कार्यालय पहुंचे। निगम आयुक्त भिलाई चरोदा से लॉक डाउन की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
ग्रामीण इलाकों का भी लिया जायजा
मंगल भवन भिलाई से होकर पुलिस का दल सिरसा चैक होकर कुम्हारी टोल नाका पहुंचा। यहां से मुरमुंदा अहिवारा होकर धमधा के बार्डर का अवलोकन किया गया। लॉकडाउन के तीसरे दिन भी दुर्ग भिलाई सहित जिले के सभी दुकाने बंद मिली। सड़कें सुनसान नजर आई। इस तरह से लॉकडाउन का दूसरे की तरह तीसरा दिन भी सफल रहा।