
Labour E-KYC: सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य है, लेकिन दुर्ग जिले में 1 लाख 14 हजार 36 श्रमिकों का सत्यापन और अभिलेख संशोधन अब भी लंबित है। इतनी बड़ी संख्या में प्रक्रिया अधूरी रहना श्रम विभाग की कार्यप्रणाली और जमीनी निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। समय पर प्रक्रिया पूरी न होने से हजारों पात्र श्रमिकों के जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित होने का संकट खड़ा हो गया है। जिले के भिलाई, दुर्ग, धमधा, पाटन, भिलाई-3, अहिवारा और बोरी क्षेत्रों में 512 सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) संचालकों का बड़ा नेटवर्क उपलब्ध है। इसके बावजूद लाखों श्रमिकों की ई-केवाईसी अटकना चिंताजनक है। सवाल यह उठ रहा है कि क्या सभी केंद्रों को लंबित हितग्राहियों की सूची सौंपी गई है और क्या ब्लॉक स्तर पर लक्ष्य तय कर इसकी नियमित समीक्षा की जा रही है?
महज सीएससी संचालकों की सूची जारी करने से समस्या हल नहीं होगी। विशेषज्ञों और हितग्राहियों का मानना है कि श्रम विभाग को लंबित श्रमिकों का ब्लॉक और ग्राम पंचायतवार वर्गीकरण करना चाहिए। इसके बाद संचालकों की जिम्मेदारी तय कर गांवों में विशेष शिविर लगाए जाएं, ताकि दस्तावेजों की त्रुटियों और ई-केवाईसी का मौके पर ही निराकरण हो सके।
नगर निगम भिलाई नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा ने कहा योजनाओं का लाभ केवल कागजों पर नहीं, बल्कि वास्तविक जरूरतमंद श्रमिकों तक पहुंचना चाहिए। 1.14 लाख से अधिक लंबित आवेदनों को सामान्य आंकड़ा मानकर टालना गलत है। विभाग को अब निर्देशों से आगे बढक़र धरातल पर ठोस काम करना होगा।
श्रमिक संगठनों ने मांग की है कि विभाग लंबित प्रकरणों को निपटाने के लिए स्पष्ट समय-सीमा तय करे और प्रत्येक ब्लॉक में प्रतिदिन होने वाले कार्य की समीक्षा की जाए।
श्रम आयुक्त दुर्ग पायल शर्मा ने बताया श्रमिक कार्ड और आधार के विवरण (नाम, जन्मतिथि व पता) में मामूली अंतर से पात्र हितग्राही सरकारी योजनाओं की राशि से वंचित हो सकते हैं। इसे दूर करने के लिए ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों में विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं, जहां सीएससी वीएलई के माध्यम से रिकॉर्ड का संशोधन किया जा रहा है।