
भिलाई . छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय में एक करोड़ २३ लाख रुपए की लागत से बनी यूटिलिटी बिल्डिंग का उद्घाटन सोमवार को उच्च शिक्षा मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय ने किया। उद्घाटन के बाद उच्च शिक्षा मंत्री ने विद्यार्थियों के लिए एक नई सौगात भी देने का वादा किया है। मंत्री ने घोषणा की है कि जल्द ही परिसर में ई-रिक्शा चलाए जाएंगे। विश्वविद्यालय के मुख्य गेट से भवन तक पहुंचने एप्रोच रोड की दूरी अधिक होने की वजह से यह सुविधा दी जाएगी।
परीक्षा और गुणवत्ता में लाएंगे सुधार
मंत्री ने कहा कि विवि की परीक्षा और गुणवत्ता में सुधार लाने की भी बात कही है। कार्यक्रम में मौजूद विद्यार्थियों ने मंत्री को अपने बीच पाकर कई सवाल भी पूछे। स्टार्टअप को प्रोत्साहन देने के लिए राज्य सरकार की नीतियों पर भी विद्यार्थियों ने सवाल पूछ लिया। इसी तरह एनएसएस शिविरों के लिए आनी वाली राशि को पर्याप्त न बताकर एक छात्र ने इसमें बढ़ोतरी की भी बात मंत्री के समक्ष रखी। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति डॉ. एमके वर्मा ने की। रजिस्ट्रार डीएन सिरसांत भी इस दौरान मौजूद रहे। इनके अलावा शंकराचार्य टेक्निकल कैंपस के डायरेक्टर डॉ. पीबी देशमुख और रूंगटा इंजीनियरिंग कॉलेज के चेयरमैन संतोष रूंगटा ने भी उद्घाटन कार्यक्रम में शिरकत की।
इसलिए जरूरी थी यूटिलिटी बिल्डिंग
विवि इस भवन का इस्तेमाल फिलहाल एमटेक की कक्षाओं के संचालन के लिए करेगा। इसी भवन में प्रयोगशालाएं भी शुरू की जाएंगी। इस भवन को तैयार करने में करीब एक साल का समय लगा। विवि के लिए यह भवन इस लिए जरूरी था, क्योंकि अब तक यूटीडी की कक्षाएं प्रशासनिक बिल्डिंग में ही संचालित की जा रही थी। प्रयोगशालाओं के लिए भी कई दिक्कतें सामने आ रही थी।
विद्यार्थी बोले, खराब आ रहा है रिजल्ट
इस कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री विद्यार्थियों से रूबरू क्या हुए, विद्यार्थियों ने बेबाकी से सवाल पूछना शुरू कर दिया। अधिकतर विद्यार्थियों ने मंत्री के सामने ही विश्वविद्यालय की परीक्षाओं में मूल्यांकन प्रणाली पर सवाल खड़े किए। कहा कि विवि सेमेस्टर परीक्षाओं का रिजल्ट बेहद खराब आ रहा है। हर परीक्षा में उत्तीर्ण विद्यार्थियों की संख्या आधी ही रहती है। मंत्री ने भी विद्यार्थियों के इस सवाल का जवाब देते हुए उन्हें पुनर्मूल्यांकन में शामिल होने का रास्ता बताया। हालांकि मंत्री ने इसका सीधा उत्तर नहीं दिया।