भिलाई

CG Winter: पांच साल में पहली बार नवंबर में कड़ाके की ठंड, 9.6 डिग्री तक लुढ़का पारा, सजा गर्म कपड़ो का बाजार

CG Winter: अधिकतम तापमान में भी 1.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई और दिन का पारा 29.2 डिग्री सेल्सियस रहा। तापमान में यह अचानक गिरावट जिले में ठिठुरन के शुरुआती संकेत दे रही है।
less than 1 minute read
Nov 13, 2025
CG Winter: पांच साल में पहली बार नवंबर में कड़ाके की ठंड, 9.6 डिग्री तक लुढ़का पारा, सजा गर्म कपड़ो का बाजार
सजा गर्म कपड़ो का बाजार (Photo Patrika)

CG Winter: दुर्ग जिले में सर्दी ने इस बार रिकॉर्ड तोड़ शुरुआत की है। बुधवार की सुबह न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले पांच सालों में नवंबर महीने का सबसे कम तापमान है। इससे पहले वर्ष 2018 में इसी महीने में पारा 9.8 डिग्री तक पहुंचा था। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को न्यूनतम तापमान औसत से 7.8 डिग्री कम रहा। वहीं अधिकतम तापमान में भी 1.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई और दिन का पारा 29.2 डिग्री सेल्सियस रहा। तापमान में यह अचानक गिरावट जिले में ठिठुरन के शुरुआती संकेत दे रही है।

आठ डिग्री तक जा सकता है तापमान

मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों में रात के तापमान में 1 से 2 डिग्री की और गिरावट हो सकती है। इस स्थिति में पारा आठ डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे जिले में सर्द हवा का असर और तेज हो जाएगा। राज्य में फिलहाल सबसे कम तापमान अंबिकापुर में दर्ज हुआ है, जहां बुधवार को पारा 7.7 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। वहीं जगदलपुर में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा ने बताया कि प्रदेश में उत्तर भारत से ठंडी और शुष्क हवाओं का लगातार आगमन हो रहा है। इन्हीं हवा के चलते तापमान में गिरावट जारी है। उन्होंने बताया कि सरगुजा संभाग सहित राजनांदगांव और दुर्ग जिले के कुछ इलाकों में शीतलहर जैसी स्थिति बन सकती है। हालांकि, 17 नवंबर के बाद मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में ठंड से कुछ राहत मिलने की संभावना जताई गई है।

गुरुवार को शुष्क रहेगा मौसम

मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी किया है कि गुरुवार को जिले में मौसम शुष्क रहेगा। दिन में धूप निकलेगी, लेकिन शाम और रात के समय सर्द हवा ठिठुरन बढ़ा देगी।

Updated on:
13 Nov 2025 10:47 am
Published on:
13 Nov 2025 10:46 am