
दुर्ग महापौर अलका बाघमार बाल-बाल बची, ( Photo - Patrika )
Chhattisgarh News: दुर्ग नगर निगम कार्यालय के बाहर उस वक्त हड़कंप मच गया जब इनोवा कार को जलते हुए देखा। घटना के समय वाहन नगर निगम परिसर में महापौर कक्ष के सामने खड़ा था। बताया जा रहा है कि महापौर अलका बाघमार के गाड़ी से उतरते ही वाहन में अचानक आग भड़क उठी और चंद मिनट में ही भयानक हो गई। घटना सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। तुरंत इसकी सूचना पुलिस और फायर बिग्रेड को दी, जिसे बाद आग पर काबू पाया गया।
फायर ब्रिगेड की टीम कुछ ही मिनट में आग को शांत कर दिया। वहीं आग की लपटों ने अन्य वाहनों को अपनी चपेट में नहीं लिया वरना बड़ा हादसा हो सकता था। बताया जा रहा है कि वाहन के बोनेट से अचानक आग की लपटें उठती देखकर निगम कर्मचारियों और कार्यालय परिसर में कामकाज के सिलसिले में पहुंचे लोगों में हलचल मच गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आग फैलने की आशंका को देखते हुए वाहन के आसपास खड़े अन्य वाहनों को तत्काल वहां से हटवाया गया।
हादसे में गनीमत रही कि महापौर अलका बाघमार समय रहते गाड़ी से उतर गईं। जिसके चलते वे बाल—बाल बच गई। वाहन में आग लगने की वजह शार्ट सर्किट हो सकती है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। बता दें कि जिस इनोवा वाहन में आग लगी, उसे नगर निगम द्वारा किराए पर लिया गया है।
Updated on:
27 Aug 2026 03:44 pm
Published on:
27 Aug 2026 03:44 pm
