27 अगस्त 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

BTech Students Transfer: YITM के छात्रों को मिला नया कॉलेज, 68 BTech विद्यार्थियों का CSVTU ने किया ट्रांसफर

CSVTU BTech Admission: YITM राजनांदगांव के बंद होने के बाद CSVTU ने 68 BTech छात्रों का दूसरे संस्थानों में ट्रांसफर किया है। 67 छात्रों को CSIT दुर्ग और एक को RSR Rungta कॉलेज भिलाई में प्रवेश मिलेगा।
3 min read
Google source verification
BTech Students Transfer

CSVTU ने दुर्ग-भिलाई के संस्थानों में किया ट्रांसफर (photo source- Patrika)

BTech Students Transfer: राजनांदगांव के युगांतर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट (YITM) के बंद होने के बाद वहां पढ़ाई कर रहे बीटेक विद्यार्थियों के भविष्य को लेकर बनी स्थिति का छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय (CSVTU) ने समाधान कर दिया है। विश्वविद्यालय ने संस्थान में अध्ययनरत कुल 68 विद्यार्थियों को दुर्ग-भिलाई के दूसरे तकनीकी संस्थानों में स्थानांतरित करने का फैसला लिया है। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई और डिग्री की निरंतरता को लेकर बनी चिंता दूर हुई है।

RSR Rungta College Bhilai: 68 विद्यार्थियों को दूसरे कॉलेजों में किया गया ट्रांसफर

CSVTU की ओर से जारी सूची के मुताबिक YITM के 68 बीटेक विद्यार्थियों का स्थानांतरण किया गया है। इनमें 28 विद्यार्थी नियमित श्रेणी के हैं, जबकि 40 विद्यार्थी डिटेंड श्रेणी में शामिल हैं। इनमें से 67 विद्यार्थियों को छत्रपति शिवाजी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (CSIT) दुर्ग में स्थान दिया गया है। वहीं, एक विद्यार्थी को आरएसआर रुगंटा कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, भिलाई में स्थानांतरित किया गया है। विश्वविद्यालय ने सभी संबंधित विद्यार्थियों को निर्देश दिया है कि वे 1 सितंबर तक अपने नए संस्थान में प्रवेश ले लें।

कॉलेजों को विश्वविद्यालय को देनी होगी प्रवेश की जानकारी

स्थानांतरित विद्यार्थियों के प्रवेश की प्रक्रिया को लेकर भी विश्वविद्यालय ने संबंधित संस्थानों को निर्देश जारी किए हैं। नए कॉलेजों को विद्यार्थियों के प्रवेश की जानकारी अनिवार्य रूप से विश्वविद्यालय को उपलब्ध करानी होगी। इसके साथ ही स्थानांतरण प्रमाण-पत्र की छायाप्रति भी जमा करनी होगी। इन दस्तावेजों के आधार पर विद्यार्थियों को नए रोल नंबर आवंटित किए जाएंगे। CSVTU ने संबंधित कॉलेजों के प्राचार्यों को पूरी प्रक्रिया समय पर पूरी कराने और विद्यार्थियों के प्रवेश को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

तीसरे, पांचवें और सातवें सेमेस्टर के नियमित छात्र शामिल

विश्वविद्यालय ने नियमित विद्यार्थियों की अलग सूची जारी की है। इसमें बीटेक के तीसरे, पांचवें और सातवें सेमेस्टर के छात्र शामिल हैं। तीसरे सेमेस्टर के 8, पांचवें सेमेस्टर के 11 और सातवें सेमेस्टर के 9 नियमित विद्यार्थियों को नए संस्थान में स्थानांतरित किया गया है। इस तरह सभी 28 नियमित विद्यार्थियों को CSIT दुर्ग में प्रवेश लेने के निर्देश दिए गए हैं। विद्यार्थियों को निर्धारित समय के भीतर नए कॉलेज में रिपोर्ट कर अपनी पढ़ाई आगे जारी करनी होगी।

डिटेंड छात्रों की भी अलग सूची जारी

CSVTU ने डिटेंड श्रेणी के 40 विद्यार्थियों के लिए भी अलग सूची जारी की है। इसमें तीसरे सेमेस्टर के 2, पांचवें सेमेस्टर के 6, छठवें सेमेस्टर के 19 और सातवें सेमेस्टर के 13 विद्यार्थी शामिल हैं। डिटेंड श्रेणी के लगभग सभी विद्यार्थियों को CSIT दुर्ग में स्थानांतरित किया गया है। केवल तीसरे सेमेस्टर के एक विद्यार्थी को आरएसआर रुगंटा कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, भिलाई में स्थान दिया गया है।

YITM Rajnandgaon: छात्रों को मिली राहत, अब नए कॉलेज में होगी शुरुआत

YITM के बंद होने के बाद विद्यार्थियों के सामने पढ़ाई पूरी करने, परीक्षा देने और डिग्री की निरंतरता को लेकर चिंता बनी हुई थी। विश्वविद्यालय के इस फैसले से अब विद्यार्थियों को अपना बीटेक पूरा करने के लिए नया संस्थान मिल गया है। हालांकि, नए कॉलेज में प्रवेश के बाद विद्यार्थियों को नए माहौल और शैक्षणिक व्यवस्था के साथ तालमेल बैठाना होगा। दूसरी ओर संबंधित संस्थानों के सामने भी विद्यार्थियों के रिकॉर्ड, रोल नंबर, कक्षाओं और परीक्षा संबंधी प्रक्रियाओं को व्यवस्थित करने की जिम्मेदारी होगी।

परीक्षा को लेकर भी विश्वविद्यालय ने दी जानकारी

CSVTU ने विद्यार्थियों की परीक्षा को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की है। नियमित बीटेक विद्यार्थियों को सेमेस्टर परीक्षा की पात्रता पूरी करने के बाद ही मुख्य परीक्षा के लिए ऑनलाइन फॉर्म भरने की अनुमति होगी। इसी तरह डिटेंड श्रेणी के विद्यार्थियों को भी निर्धारित सेमेस्टर परीक्षा की पात्रता पूरी करनी होगी। पात्रता पूरी होने के बाद ही वे मुख्य परीक्षा के लिए ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भर सकेंगे। विश्वविद्यालय के इस फैसले से YITM के 68 विद्यार्थियों की पढ़ाई दोबारा व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ने की उम्मीद है। अब विद्यार्थियों को 1 सितंबर तक नए संस्थान में प्रवेश लेकर आगे की शैक्षणिक प्रक्रिया पूरी करनी होगी।