भिलाई

CG Ajab Gajab: एक ऐसी दुकान, जहां दुकानदार नहीं बैठता, खरीदार सामान लेकर बॉक्स में ईमानदारी से डाल जाते हैं रुपए

ईमानदारी की इस दुकान में छात्राओं की पढ़ाई से जुड़ा काफी सामान रखा है।
2 min read
• •
Updated: 22 Jan 2018, 4:27 PM IST
patrika

मोहम्मद जावेद@भिलाई. कपड़े, खाने और तमाम तरह की दुकानें तो आपने खूब देखी होंगी, लेकिन एक दुकान ऐसी भी जहां दुकानदार नहीं बैठता। इस दुकान में कोई कामगार भी नहीं है। यानि सेल्फ सर्विस। खुद आइए सामान खरीदिए और पैसे पास ही रखे बॉक्स में डालकर चले जाइए।

आपको यह कुछ अजीब-सा लगेगा और बरबस ही कदम ठिठक जाएंगे। कुछ देर वहां रहने के बाद आप आश्चर्य से भर उठेंगे और अनायास ही मुंह से निकल पड़ेगा कि क्या आज के दौर में भी ऐसा संभव है! अब आप पूछेंगे, आखिर कहां है ये दुकान। चलिए बता देते हैं...। ये दुकान दुर्ग के कन्या महाविद्यालय में खुली है, जिसका नाम है 'ईमानदारी की दुकानÓ।

किसने खोली ये अनोखी दुकान
कन्या महाविद्यालय प्रशासन ने यहां पढऩे वाली छात्राओं को सुविधा देने के लिए खोली है यह दुकान। ईमानदारी की इस दुकान में छात्राओं की पढ़ाई से जुड़ा काफी सामान रखा है। एक मेज है जिस पर कॉपी, किताब, पेन, पेंसिल जैसी कई सामाग्रियां रखी हुई हैं।

खास बात यह भी है कि इस दुकान में बिकने वाला हर सामान बाहर की तुलना में सस्ता है। ऐसा इसलिए क्योंकि इस दुकान का उद्देश्य प्रॉफिट कमाना नहीं, बल्कि ईमानदारी सिखाना है। मेज पर ही एक बॉक्स रखा है, जिसमें सामान खरीदने के बाद उसकी रकम ईमानदारी के साथ डालनी है।

बड़ी काम आएगी यह दुकान
महाविद्यालय की छात्राओं को कॉपी किताब से लेकर पेन पेंसिल के लिए कहीं आने की जरूरत नहीं पड़ेगी। ईमानदारी की दुकान से वे उचित मूल्य पर अपनी जरूरत का सामान खरीद सकेंगी। ऑनेस्टी कॉर्नर यानि ईमानदारी की इस दुकान का शुभारंभ सोमवार को महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुशील चंद्र तिवारी ने किया। महाविद्यालय की आईक्यूएसी की पहल पर प्रारंभ किए जाए इस कॉर्नर में कॉलेज कॉपी, रफ कॉपी, पेन, पेंसिल, रबर, कटर, स्केल, कागज, पेन पाउच और बहुत सी स्टेशनरी उपलब्ध है।

सामानों पर चिपकी है रेटलिस्ट
आइक्यूएसी संयोजक डॉ. अमिता सहगल ने बताया कि सभी सामग्री की मूल्य सूची टांगी गई है। जिसके अनुसार छात्राएं सामग्री लेकर राशि बॉक्स में डालेगी। इस अवसर पर वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. डीसी अग्रवाल, डॉ. केएल राठी, डॉ. ऋचा ठाकुर एवं छात्राएं मौजूद रहीं।

Published on: