
भिलाई/अंडा. शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला निकुम में राजकीय शोक में पार्टी करने का एक वीडियो वायरल हुआ है। इसमें एक बच्चे की आवाज है, जिसमें वह बता रहा है कि राज्यपाल बलरामदास टंडन के निधन के स्कूल में छुट्टी दे गई। इसके बाद स्कूल में शिक्षकों ने पार्टी की।
इस मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। पूरा मामला थाने तक पहुंच गया है। बताया गया है कि वीडियो के वायरल होने के बाद प्राचार्य अशोक पांडे एवं शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष ने थाने में सूचना दी।
तीन बच्चों को थाने ले गई पुलिस
स्कूल से मिली सूचना के बाद पुुलिस तीन संदेही बच्चों को अपने साथ थाने ले गई। इन बच्चों पर वीडियो वायरल करने का आरोप है। बताया गया है कि प्राचार्य ने इन बच्चों को स्कूल और स्टाफ को बदनाम करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। जबकि ऐसा कुछ नहीं हुआ है।
थाने पहुंचे ग्रामीण
बच्चों को थाने ले जाने की सूचना ग्रामीणों को मिली। लगभग 50-60 की संख्या में ग्रामीण थाने पहुंच गए। उन्होंने बच्चों को थाने लाने पर आपत्ति की। इसके बाद बच्चों को उनके घर भेज दिया गया। रविवार को सुबह बाजार चौक पर ग्रामीणों की बैठक हुई।
बैठक में वरिष्ठ नागरिक ताराकुमार शर्मा, दीपनारायण यादव, रूपेश देशमुख, नरेंद्र साहू, मकसूद, मनीष बेलचंदन आदि उपस्थित थे। अंडा थाना प्रभारी प्रमोद श्रीवास्तव का मामले में कहना है कि दोनों पक्षों में राजनीमा हो गया है।
16 अगस्त को हुई थी पार्टी
छत्तीसगढ़ के राज्यपाल बलरामदास टंडन के निधन पर राजकीय शोक घोषित था। 16 अगस्त को प्राचार्य एवं शिक्षकों ने स्कूल में पार्टी की व्यवस्था की गई। इसका वीडियो वहां की छात्रों ने बना लिया और उसे वायरल कर दिया।
आज स्कूल में होगी बैठक
मामले में 20 अगस्त को शाला प्रबंधन समिति, ग्रामीणों एवं पालकों की बैठक रखी गई है। इसमें पूरे मामले में चर्चा की जाएगी। इधर ग्रामीणों ने थाना प्रभारी अंडा को ज्ञापन भी सौंपा है। उन्होंने बैठक के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने की मांग की है। साथ ही स्कूल में राजकीय शोक में पार्टी करने को शर्मनाक भी बताया है।