
दुर्ग. सड़क दुर्घटना में घायल या गंभीर चोट के शिकार व्यक्ति की मदद करने वालों को अब अस्पताल प्रशासन सम्मान करेगा। मदद करने वाले दूत का नाम पता और कॉन्टेक्ट नंबर उस अस्पताल के रजिस्टर में नोट किया जाएगा जहां घायल का इलाज होगा। प्रमाण पत्र देने के साथ मदद करने वालों का राष्ट्रीय पर्व में सम्मानित भी किया जाएगा।
आमतौर पर सड़क दुर्घटना होने पर लोग बच कर निकल जाते है या तमाशबीन बने रहते हैं। कम लोग ही होते हैं जो मदद के लिए हाथ बढ़ाते हैं। मानवता दिखाते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाते हैं। संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं ने ऐसे लोगों को प्रमाण पत्र देने का निर्णय लिया है। इसके लिए सभी जिला अस्पताल, सिविल अस्पताल, सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के प्रभारियों को सकुर्लर जारी किया गया है।
अलग रजिस्टर होगा, प्रचार के लिए लगेंगे फ्लैक्स
इस कार्य को शुरू करने से पहले सभी अस्पतालों में जिम्मेदारी तय कर एक रजिस्टर बनाया जाएगा। जिसमें मदद करने वालों के नाम,पता व फोन नंबर को लिखा जाएगा। किसी तरह की भ्रांति न हो इसलिए अस्पताल के तीन अलग अलग जगहों पर योजना की जानकारी देते हुए फ्लैक्स लगाया जाएगा, जो अस्पताल के बाहर, ओपीडी और आपात कक्ष के बाहर अनिवार्य रुप से लगाया जाएगा।
राष्ट्रीय पर्व के पहले देंगे प्रस्ताव
राष्ट्रीय पर्व के मुख्य आयोजन में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, विभागीय और स्कूली विद्यार्थियों का सम्मान किया जाता है। अब घायलों की मदद करने वालों का सम्मान भी किया जाएगा। इसके लिए राष्ट्रीय पर्व के पहले अस्पताल प्रशासन को प्राथमिकता के आधार पर नाम का चयन कर एसपी कार्यालय को भेजेगा।
इसलिए प्रोत्साहन
सड़क दुर्घटना के बाद घायलों की मदद करने वाले के मन में यह शंका रहती है कहीं वह कानूनी कार्रवाई या परेशानी में न पड़ जाए। पुलिस उसे तंग तो नहीं करेगी। अधिकारियों का कहना है कि कई बार समय पर मदद नहीं मिलने के कारण घायलों की मौत हो जाती है। कानूनी कार्रवाई की भय के कारण कई लोगों की जान जोखिम में पड़ जाती है। लोग चाहकर भी मदद नहीं कर पाते हैं।
सड़क दुर्घटनाओं पर एक नजर
वर्ष घटना घायल मृतक
२०१४ १०३९ १०१० २६९
२०१५ ११७७ ११९९ २८२
२०१६ १०९७ १०७८ २९१
२०१७ १०८५ १०६६ २४८
जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. केके जैन ने बताया कि घायलों को मदद करने वालों को प्रमाण पत्र देने का योजना शासन का है। हमने आदेश का पालन करते हुए फ्लैक्स बनाने का निर्देश दिया है। फ्लैक्स निर्धारित स्थान में लगाने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।