भिलाई

आधी रात आधा दर्जन युवकों ने खेला खूनी खेल, आस-पास के लोग सोते रहे, एक की मौत, एक गंभीर, पुलिस के हाथ खाली

आदित्यनगर में कुशाभाऊ ठाकरे के निकट आधी रात को दो दोस्तों पर दर्जनभर अज्ञात युवकों ने हमला कर दिया। नितीश ने दम तोड़ दिया, शिवा गंभीर।
3 min read
Jun 07, 2018
Durg crime
आधी रात आधा दर्जन युवकों ने खेला खूनी खेल, आस-पास के लोग सोते रहे, एक की मौत, एक गंभीर

दुर्ग. आदित्यनगर में कुशाभाऊ ठाकरे के निकट आधी रात को दो दोस्तों नितीश शर्मा (३०) और शिवा शर्मा (३१) पर दर्जनभर अज्ञात युवकों ने हमला कर दिया। हमला उस वक्त हुआ जब दोनों रात को घर लौटकर कार पार्किंग कर रहे थे। चाकू, पत्थर के वार से दोनों बेहोश होकर गिर पड़े। इनमें नितीश ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया और शिवा की हालत गंभीर है।

दर्जनभर अज्ञात युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज

उपचार के दौरन नितीश की मृत्यु होने पर सुपेला थाना में मर्ग कायम किया। विवेचना के लिए डायरी तत्काल मोहन नगर थाना स्थानांतरित की गई। पुलिस गुरुवार अल सुबह घटना स्थल का निरीक्षण करने के बाद शिवा की शिकायत पर दर्जनभर अज्ञात युवकों के खिलाफ बलवा, हत्या का प्रयास और हत्या की धारा के तहत एफआईआर दर्ज की है।

घायल शिवा ने बताया कैसे हुई वारदात
बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात को १२ बजे तक हम दोनों अपने रूम से खाना लाने के लिए निकले। धमधा ब्रिज के पास के होटल से रोटी सब्जी पैक कराकर करीब साढ़े 12 बजे दोनों वापस आदित्य नगर पहुंचे। यहां जब शिवा कार से उतरकर नितिश को खाली जगह पर पार्किंग करने इशारा कर रहा था तभी एक युवक आकर गाली-गलौच करने लगा। नितीश जैसे ही कार से उतरा, उस युवक ने आवाज देकर अपने साथियों को बुला लिया। माजरा समझते तब तक उन सभी ने हमला कर दिया। उनके पास लाठी, रॉड, पत्थर और चाकू थे। अचानक वार होने से संभलने तक का मौका नहीं मिला। इसके बाद कुछ होश नहीं रहा। आंख खुली तब अस्पताल में था।

रंजिश, हत्या का षड्यंत्र रचा, लेकिन वजह क्या
इस वारदात से साफ हो रहा है कि अज्ञात युवकों की मंशा घातक हमले की थी। ऐसा पुरानी रंजिश या कोई बड़े विवाद में होता है। युवकों ने सोची-समझी साजिश से वारदात को अंजाम दिया। घायल और चश्मदीद शिवा ने बताया कि जब युवक आकर बेवजह झगड़ा कर रहा था, तभी लगने लगा था कि जानबूझकर ऐसा किया जा रहा है। उसकी एक आवाज पर दर्जनभर युवकों का आ गए। हालांकि शिवा और नितीश के भाई रजनीश ने किसी से विवाद होने की बात से इनकार किया है। बहरहाल, पुलिस इस मामले की वजह तलाशने में जुटी है।

बेरहमी से मारे चाकू, लीवर फट गया और हार्ट भी डैमेज
हमलावर युवकों ने चाकू से इस कदर घातक वार किए कि नितीश का लीवर फट गया। उसका हार्ट भी डैमेज हो गया। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया। नितीश की हालत नाजुक होने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया। दोस्त उसे चंदूलाल चंद्राकर अस्पताल ले गए, वहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। शिवा का उपचार दुर्ग जिला अस्पताल में चल रहा है। उसकी पीठ में चाकू के गहरे जख्म हैं। सिर पर पत्थर पटकने से गंभीर चोट आई है।

शुक्रवार को खरीदी थी कार
मोबाइल कंपनी में काम करने वाला नितीश 10 साल से दुर्ग में रह रहा था। बीते शुक्रवार को ही उसने कार खरीदी थी और सबसे पहले गृह ग्राम अंबागढ़ चौकी गया था। अगले दिन वह वापस आ गया। रजनीश की मानें तो नितीश ने कभी किसी विवाद का जिक्र नहीं किया था।

घायल शिवा परीक्षा दिलाने आया था
शिवा शर्मा ने बताया कि वह मूलत: बिलासपुर का है। सीएसआईटी कोल्हिापुरी से इंजीनियरिंग की है। सातवें सेमेस्टर का पेपर रुका है। परीक्षा देने तीन जून को आया था। यहां दोस्त नितीश के रूम पर ठहरा था।

तीन सीसी टीवी कैमरा काम नही आया

गोपाल वैश्य, टीआई मोहननगर थाना ने बताया कि घटना स्थल के आस-पास तीन सीसी टीवी कैमरा लगा है, लेकिन एक भी कैमरा ऐसा नहीं जो घटना स्थल को कवर करता हो। घटना स्थल घनी आबादी वाला क्षेत्र है। मृतक के आदत व्यवहार की जानकारी लेकर जांच के लिए कुछ बिन्दु तैयार किया। उसी पर केन्द्रित है। दर्जन भर से ज्यादा युवक संदेह के दायरे में हैं, पूछताछ जारी है। घटना की वजह बता पाना संभव नहीं है।

Published on:
07 Jun 2018 09:27 pm