
भिलाई. साइंस कॉलेज, दुर्ग का तीसरा इंस्पायर कैंप 28 अगस्त से 1 सितंबर तक होगा। भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्यागिकी विभाग की ओर से प्रायोजित इस कार्यक्रम की जानकारी देते हुए प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र कुमार राजपूत ने बताया कि इस पांच दिवसीय इंस्पायर कार्यक्रम में प्रदेश के हायर सेकंडरी स्कूलों के विज्ञान संकाय में वर्तमान शिक्षण सत्र में 11 वीं कक्षा के लगभग 200 नियमित छात्र-छात्राएं हिस्सा लेंगे।
60 साल के इतिहास में तीसरी बार इस प्रकार का कार्यक्रम हो रहा
कॉलेज की स्थापना के 60 साल के इतिहास में तीसरी बार इस प्रकार का कार्यक्रम हो रहा है। इंस्पायर प्रोग्राम का पूरा खर्च भारत सरकार का विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग वहन करेगा।
इंस्पायर में हिस्सा लेने १४ अगस्त अंतिम तिथि
प्रोग्राम का मुख्य उद्देश्य हायर सेकेण्डरी स्तर के विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों में विज्ञान के नए शोध कार्यों, नवीनतम खोजों और नई तकनीकों के प्रति रूझान पैदा करना है, जिससे हमारा देश विज्ञान के क्षेत्र में और अधिक प्रगति कर सके। इंस्पायर में हिस्सा लेने की अंतिम तिथि १४ अगस्त है।
कौन ले सकता है हिस्सा
डीएसटी के नियमानुसार सीजी बोर्ड में दसवीं कक्षा में 85 प्रतिशत अंकों और सीबीएसई एवं आईसीएसई बोर्ड में ए1 ग्रेड प्राप्त विद्यार्थी ही इस इंस्पायर प्रोग्राम में हिस्सा लेने के पात्र होंगे। विद्यार्थियों के ठहरने, खाने की व्यवस्था महाविद्यालय प्रशासन करेगा। विद्यार्थियों की यात्रा का व्यय भी कॉलेज करेगा। विद्यार्थियों को विज्ञान के नवाचार के बारे में जानकारी देने के लिए नामी वैज्ञानिक इंस्पायर में शिरकत करेंगे।
मिलेगा शैक्षणिक भ्रमण का मौका
डॉ. राजपूत ने बताया कि विद्यार्थियों को विज्ञान की नई जानकारियां देने रायपुर स्थित साइंस सेंटर का भ्रमण कराया जाएगा। जीव विज्ञान के विद्यार्थियों को वन्यप्राणी संरक्षण एवं पर्यावरण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से भिलाई स्थित मैत्री बाग का भ्रमण भी प्रस्तावित है। कॉलेज के प्राध्यापक एवं कर्मचारीगण सम्पूर्ण इंस्पायर प्रोग्राम के दौरान विद्यार्थियों का मार्गदर्शन एवं सहयोग करेंगे।