
भिलाई. कल्याण महाविद्यालय प्रशासन की आंखों में धूल झोंककर विद्यार्थियों की सुरक्षा दांव पर लगाने वाली एचओडी सौम्या रखे के खिलाफ कॉलेज मैनेजमेंट ने अब तक भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। इसी मामले में सोमवार को एनएसयूआई समर्थित छात्रों ने प्राचार्य डॉ. एआर वर्मा का घेराव किया।
छात्र नेताओं ने प्राचार्य को ज्ञापन सौंपकर मांगी की है कि उक्त महिला प्राध्यापक को तत्काल पद से हटाया जाए। उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी होनी चाहिए। एनएसयूआई के आकाश कन्नौजे का कहना है कि मैसूर टूर की जिम्मेदारी उक्त महिला प्राध्यापक को सौंपी गई थी, लेकिन उन्होंने सबको गुमराह किया।
खुद विद्यार्थियों के साथ जाने के बजाए संविदा शिक्षकों को भेज दिया। गनीमत यह रही कि टूर के दौरान कोई अप्रिय घटना नहीं घटी वरना इसकी जिम्मेदारी किसकी होती। यही वजह है कि गैरजिम्मेदार उक्त महिला प्राध्यापक को कॉलेज में नहीं रहना चाहिए।
प्राचार्य ने बुलाई पुलिस
अपनी मांगों पर अड़े एनएसयूआई के छात्रों ने प्राचार्य का घेराव किया। उनके कक्ष में ही धरना करने लगे। विद्यार्थियों का कहना था कि मैनेजमेंट दोषी प्राध्यापक पर कार्रवाई करने के बजाए संविदा शिक्षक पर लगाम करने की बात कह रहा है, जो पूरी तरह से गलत है।
छात्रों की भीड़ के मद्देनजर प्राचार्य ने पुलिस को भी इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ही मामला संभाला। हालांकि किसी भी एनएसयूआई समर्थित छात्र को हिरासत में नहीं लिया गया, अधिकारियों ने उन्हें समझाइश देकर छोड़ दिया।
जानिए... क्या है पूरा मामला
कॉलेज प्रशासन ने तय विद्यार्थियों के लिए २६ से ३१ दिसंबर तक मैसूर शैक्षणिक भ्रमण तैयार किया। इस टूर की कर्ताधर्ता बायोटेक विभाग की एचओडी सौम्या खरे को बनाया गया। कॉलेज ने यह कहकर शैक्षणिक भ्रमण की मंजूरी दी थी कि बच्चों के साथ वह स्वयं जाएंगी, लेकिन ऐसा हुआ नहीं।
महिला प्राध्यापक ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को ताक पर रखकर अपनी जगह कॉलेज के संविदा शिक्षकों को भेज दिया। हद तो उस वक्त हुई जब कॉलेज प्रशासन की ओर से फोन लगाए जाने पर खुद को मैसूर में बताया जबकि वह विद्यार्थियों के साथ गई ही नहीं।
इस राज पर से पर्दा उस उक्त उठा जब फोन नहीं उठाने पर महिला प्राध्यापक के मोबाइल के कॉलर ट्यून में छत्तीसगढ़ी लहजे में नॉट आंसरिंग की आवाज सुनाई दी। कॉलेज मैनेजमेंट ने अपने स्तर पर पड़ताल की तो सारी बातें साफ हो गई।