Bhilai News: समिट के दौरान उन्हें गूगल सीईओ सुंदर पिचाई से सीधे संवाद करने का अवसर मिला, जो उनके शैक्षणिक सफर की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। कृति देशभर से चयनित छह चुनिंदा स्टूडेंट एंबेसडर्स में शामिल थीं।
CG News: दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट भिलाई की छात्रा कृति प्रिया के लिए जीवन का यादगार क्षण बन गया। रुंगटा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी में एआईएमएल की छात्रा और गूगल स्टूडेंट एंबेसडर कृति को गूगल की ओर से आधिकारिक आमंत्रण मिला था।
समिट के दौरान उन्हें गूगल सीईओ सुंदर पिचाई से सीधे संवाद करने का अवसर मिला, जो उनके शैक्षणिक सफर की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। कृति देशभर से चयनित छह चुनिंदा स्टूडेंट एंबेसडर्स में शामिल थीं। कड़े चयन और प्रदर्शन के आधार पर उन्हें यह मंच मिला। रुंगटा यूनिवर्सिटी में शुरू किए गए गूगल डिजिटल कैंपस से जुड़कर उन्होंने अपनी पहचान बनाई और उत्कृष्ट कार्यों के कारण राष्ट्रीय स्तर पर जगह हासिल की।
सम्मेलन में कृति को सामान्य पहचान पत्र के बजाय विशेष एक्सपो बैज प्रदान किया गया, जो उनकी विशिष्ट भूमिका का संकेत था। गूगल स्टूडेंट एंबेसडर के रूप में उन्होंने छात्रों को एआई के सकारात्मक और जिम्मेदार उपयोग के लिए प्रेरित किया है। उनकी उपलब्धि पर विश्वविद्यालय प्रबंधन कुलाधिपति संतोष रुंगटा, प्रो चांसलर डॉ. सौरभ रुंगटा, कुलपति डॉ. जवाहर सूरीशेट्टी और सीईओ सोनल रुंगटा ने हर्ष व्यक्त किया। यह गौरव का क्षण माना जा रहा है।
समिट के दौरान कृति ने एआई क्षेत्र में अपने कार्यों और विद्यार्थियों के बीच गूगल जेमिनी के उपयोग को बढ़ावा देने के प्रयासों की जानकारी साझा की। बातचीत में उन्होंने सुंदर पिचाई से पूछा कि उनके जीवन में सबसे महत्वपूर्ण क्या है। पिचाई ने मुस्कुराते हुए उत्तर दिया-परिवार। उनका यह जवाब उपस्थित युवाओं के लिए प्रेरणा का संदेश बन गया। कृति के अनुसार, पिचाई अत्यंत सरल और विनम्र व्यक्तित्व के धनी हैं। वे हर छात्र से उसके राज्य और अनुभव के बारे में पूछ रहे थे। कृति ने उन्हें छत्तीसगढ़ और अपने विश्वविद्यालय की गतिविधियों की जानकारी दी।
रुंगटा यूनिवर्सिटी ने गूगल इंडिया के साथ मिलकर विशेष पाठ्यक्रम तैयार किए हैं। ज्वाइंट डिग्री प्रोग्राम के तहत प्रवेश लेने वाले छात्र गूगल के सर्टिफिकेशन कोर्स से भी जुड़ते हैं। प्राप्त डिग्री में गूगल की मान्यता का उल्लेख किया जाएगा। विवि का दावा है कि वह गूगल के साथ इस तरह का एमओयू करने वाला पहला निजी संस्थान है, जहां प्रथम वर्ष से अंतिम वर्ष तक छात्रों को गूगल सर्टिफिकेशन में दक्षता प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। भिलाई की इस छात्रा की उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि छोटे शहरों की प्रतिभाएं भी वैश्विक मंच पर अपनी छाप छोड़ सकती हैं।