भिलाई

पागल युवक की तलाशी ली तो पुलिस को मिले 19 एटीएम कार्ड, पढि़ए पूरी खबर

फिल्माई अंदाज में बातों में उलझाकर बस और मिनीडोर में यात्रा कर रहे लोगों का सामान उड़ा लेने वाले शातिर चोर को पुलिस ने पकड़ा है।

2 min read
Feb 25, 2018
Mad youth

दुर्ग . फिल्माई अंदाज में बातों में उलझाकर बस और मिनीडोर में यात्रा कर रहे लोगों का सामान उड़ा लेने वाले शातिर चोर को पुलिस ने पकड़ा है। हुलिए और चाल-ढाल से पागल होने का नाटक करने वाले इस युवक को संदेह के आधार पर पकड़कर जांच की तो पुलिस भी हैरान रह गई। जांच में आरोपी के जेब में एक अथवा दो नहीं बल्कि एक साथ 19 एटीएम कार्ड निकले। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ फिलहाल चोरी का मामला दर्ज किया है। इसके अलावा एटीएम कार्ड के संबंध में कार्रवाई के लिए कंपनियों से संपर्क कर रही है।

जांच शुरू की तो पता चला कि इस तरह की घटनाएं लगातार हो रही है
पुलगांव पुलिस ने बताया कि 22 फरवरी को टिकरी बालोद की संतोषी देशलहरा 41 साल ने शिकायत दर्ज कराई कि राजीव लोचन चंद्रखुरी हॅास्पिटल और गुंडरदेही बस स्टैंड के बीच किसी ने चलती बस से उसका सामान, एटीएम कार्ड, पेन कार्ड और आधार कार्ड व 8 तोला चांदी की पायल चोरी कर ली है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो पता चला कि इस तरह की घटनाएं लगातार हो रही है। इस पर पीडि़त के बताए हुलिए के हिसाब से रास्ते के ठेले, होटल व चाय दुकान वालों से पूछताछ की गई। इसमें आरोपी का पता चला। आरोपी लक्ष्मण राव पिता रामलू 31 साल फोकट पारा को गिरफ्तार कर धारा 379 के तहत अपराध दर्ज किया गया।

छोटी-छोटी दूरी के लिए चढ़ता था वाहनों पर
आरोपी बेहद शातिर अंदाज में चोरियों को अंजाम देता था। इसके लिए वह बालोद, गुंडरदेही व दुर्ग के बीच छोटी-छोटी दूरियों के लिए वाहनों पर सवार होता था। इस दौरान वह लोगों को बातों में उलझाकर सामान लेकर उतर जाता था।

महिलाओं को बनाता था शिकार
आरोपी सुनियोजित ढंग से महिलाओं को ही शिकार बनाता था। इसके लिए महिलाओं के बाजू वाली सीट पर बैठ जाता था और सामान्य यात्रियों की तरह आत्मीय बातें करने लगता था। इस दौरान मौका देखकर सामान उड़ा लेता था।

पकड़े जाने पर पागलपन का नाटक
पुलिस ने ठेले और बस संचालकों के बताए हुलिए के आधार पर आरोपी को पकड़कर पूछताछ की तो वह कई घंटों तक पागल होने का नाटक करता रहा। इस पर पुलिस ने उसकी जेब की तलाश की जिसमें 19 एटीएम कार्ड निकले। आरोपी के पास से चोरी के शेष सामान भी जब्त कर लिया गया है।

Published on:
25 Feb 2018 11:37 pm