भिलाई

BSP में बड़ा हादसा! JCB लोडर में लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान

BSP Incident News: भिलाई स्टील प्लांट के SMS-3 में एक JCB लोडर में अचानक भीषण आग लग गई। चालक ने कूदकर अपनी जान बचाई, जबकि पूरी मशीन जलकर खाक हो गई, घटना के कारणों की जांच जारी है।
2 min read
Apr 14, 2026
Feature image
BSP में बड़ा हादसा! JCB लोडर में लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान(photo-patrika)

BSP Incident News: छत्तीसगढ़ के भिलाई स्टील प्लांट (BSP) के स्टील मेल्टिंग शॉप-3 (SMS-3) में रविवार रात एक बड़ा हादसा सामने आया, जब एक जेसीबी लोडर में अचानक भीषण आग लग गई। घटना रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है, जिसके बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

BSP Incident News: अचानक लगी आग, देखते ही देखते पूरी मशीन चपेट में

जानकारी के अनुसार, जेसीबी लोडर में अचानक आग लग गई। चालक ने स्थिति को संभालने के लिए वाहन को सुरक्षित स्थान पर ले जाने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही देर में आग तेजी से फैल गई और पूरी मशीन को अपनी चपेट में ले लिया। स्थिति बिगड़ती देख चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली। इस दौरान किसी कर्मचारी को गंभीर चोट नहीं आई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। हालांकि, तब तक जेसीबी लोडर पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था।

सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र खाली कराया गया

आग लगने के बाद प्लांट में मौजूद कर्मचारियों को तत्काल उस क्षेत्र से दूर रहने के निर्देश दिए गए और सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया, ताकि किसी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके। प्रारंभिक तौर पर आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। कर्मचारियों के अनुसार, लोडर स्लैग को थिम्बल के माध्यम से स्लैग यार्ड की ओर ले जा रहा था, तभी यह घटना हुई।

हॉट मेटल या स्लैग से आग लगने की आशंका

कुछ कर्मचारियों का मानना है कि इलेक्ट्रिक ट्रैक सिस्टम के जरिए स्लैग ले जाते समय हॉट मेटल के संपर्क में आने या स्लैग के छलकने से आग भड़क गई। वहीं, यह भी संभावना जताई जा रही है कि सुरक्षा चेन नहीं होने के कारण आग तेजी से फैल गई।

प्रबंधन ने दिए जांच के आदेश

घटना के बाद प्रबंधन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। इस घटना के बाद प्लांट में सुरक्षा मानकों की समीक्षा शुरू कर दी गई है। प्रबंधन का कहना है कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

बड़ा हादसा टला, फिर भी उठे सुरक्षा पर सवाल

हालांकि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन इस घटना ने प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन जरूरी है, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।

Updated on:
14 Apr 2026 01:35 pm
Published on:
14 Apr 2026 01:35 pm