
Monsoon 2025: मौसम विभाग के मुताबिक जिले में कहीं-कही हल्की बारिश होने की संभावना है। शुक्रवार को तापमान में आंशिक वृद्धि दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री रहा। यह सामान्य से 9.6 डिग्री कम है। एक दिन पहले गुरुवार को अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री दर्ज किया गया था। न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आई। रात का तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री की गिरावट के बाद 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
दक्षिण-पश्चिम मानसून (Monsoon 2025) दक्षिण अरब सागर के कुछ भाग, मालदीव, कॉमरीन क्षेत्र, दक्षिण बंगाल की खाड़ी, मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ भाग, उत्तर पूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ भाग में मानसून सक्रिय है। दक्षिण पश्चिम मानसून के कुछ और भाग में सक्रिय होने के लिए अनुकूल परिस्थितियों बनी हुई है। इसके साथ एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण मंडल तक पूर्व-मध्य अरब सागर, उत्तर कर्नाटक और गोवा तट से सुदूर स्थित है।
मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून अंडमान और निकोबार द्वीप समूह पहुंच गया है। साथ ही निकोबार द्वीप समूह में पिछले कुछ दिनों में भारी बारिश भी दर्ज की गई है। इस बार केरल में मानसून तय समय से पहले पहुंचेगा। पहले केरल में एक जून के आस पास मानसून पहुंचता था, इस बार पहले पहुंचेगा।
मौसम विभाग ने वेदर फोरकास्ट (Weather Forecast) जारी किया है। इसमें कहा गया है कि अगले पांच दिन दुर्ग जिले का अधिकतम तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। वहीं न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। इन दिनों में अधिकतम समय बदली छाई रह सकती है। इसके अलावा तेज हवाएं चलने और बारिश की गतिविधियां भी होंगी। अधिकतर जगहों पर छिटपुट बारिश और बूंदाबांदी का दौर तेज होगा।
मौसम विभाग के अनुसार 27 मई के आसपास पश्चिम मध्य और उससे सटे उत्तरी बंगाल की खाड़ी पर एक निन दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इससे बारिश हो सकती है।