New Rail Line: भारतीय रेलवे की एक और अहम परियोजना की शुरुआत हो गई है। दरअसल भिलाई-दुर्ग के बीच चौथी रेल लाइन का काम शुरू हो गया है..
New Rail Line: भिलाई से दुर्ग के बीच टाउनशिप की ओर 11.6 किलोमीटर लंबी चौथी रेल पटरी बिछाने का काम शुरू हो गया है। लगभग 150 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली यह परियोजना रेल यातायात को सुगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
परियोजना के लिए वन विभाग ने सर्वे के बाद करीब 1,500 पेड़ों की कटाई कराई। वहीं मार्ग में बाधक बने 131 पेड़ों को जड़ सहित स्थानांतरित किया गया। बारिश से पहले इन्हें टाउनशिप क्षेत्र में 100 से 200 मीटर की दूरी पर शिफ्ट किया गया। स्थानांतरित किए गए पेड़ों में बादाम, पीपल, बरगद, नीम, डोमर, गुलमोहर, अर्जुन, करण, इमली, आम, जामुन और बेर
शामिल हैं।
पावर हाउस रेलवे स्टेशन से हर वर्ष लगभग 15 करोड़ रुपये का राजस्व रेलवे को प्राप्त होता है। यहां प्रतिदिन 51 से अधिक ट्रेनों का ठहराव है। चौथी लाइन बनने के बाद ट्रेनों के विलंब की समस्या में कमी आने की उम्मीद है, जिससे ड्यूटी और व्यावसायिक यात्रियों को बड़ा लाभ मिलेगा।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल के अधिकारियों के अनुसार, भिलाई-दुर्ग के बीच चौथी रेल लाइन का कार्य वर्ष 2028 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके बाद पैसेंजर और मालगाडिय़ों दोनों की गति और संचालन क्षमता में वृद्धि होगी।
गुड्स ट्रेनों के कारण पैसेंजर ट्रेनों को आउटर में खड़ा नहीं रहना पड़ेगा।
ट्रेनों की समयपालन व्यवस्था सुधरेगी।
भिलाई-दुर्ग के बीच रोजाना आने-जाने वाले हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी।
रायपुर-दुर्ग रेलखंड पर ट्रैफिक दबाव कम होगा।
मेमो और एक्सप्रेस ट्रेनों के बीच समन्वय बेहतर होगा।
भिलाई-3 से भिलाई नगर तक 8.8 किमी
भिलाई नगर से दुर्ग तक 2.8 किमी
रेल पटरी बिछाने से पहले बेस (सबग्रेड) तैयार करने का काम जारी है।