
भिलाई.प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जहां देशभर में स्वच्छता का संदेश दे रहे हैं। वहीं दूसरी ओर उनकी ही १४ जून को होने वाली सभा की तैयारियों में जुटे अधिकारियों को मजबूरी में खुले में प्रसाधन करना पड़ रहा है। कार्यक्रम स्थल पर एक एसी मोबाइल शौचालय वीआईपी के लिए लाकर रखा गया है। यहां काम करने वाले सैकड़ों अधिकारी व कर्मचारियों के लिए मोबाइल शौचालय की व्यवस्था ही नहीं है। जिसकी वजह से वे खुले में प्रसाधन करने को मजबूर हो गए हैं।
सरकार खुद देशभर में लाखों शौचालय तैयार करके लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रही है। जयंती स्टेडियम के समीप पीएम नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम को लेकर बड़े पैमाने में तैयारी की जा रही है। जयंती स्टेडियम में १४ जून को होने वाली पीएम की सभा में लाखों लोगों के जुटने की उम्मीद है। इसको देखते हुए सैकड़ों कर्मचारी काम पर लगे हैं।
इन कर्मियों के लिए बड़ी दिक्कत शौचालय की हो रही है। पीएम जिस शौचालय के लिए देशभर में प्रचार प्रसार कर रहे हैं, उसकी कमी उनके कार्यक्रम स्थल पर ही नजर आ रही है। मोबाइल एसी शौचालय में लॉक लगा हुआ है। इस वजह से प्रशासन के अधिकारी खुद उसके समीप प्रसाधन करने को मजबूर हैं।
यहां लगे हैं कर्मचारी
कार्यक्रम स्थल में डोम तैयार करने सैकड़ों की संख्या में कर्मचारी लगे हुए हैं। इसके अलावा पंखा फिटिंग में ३० कर्मचारी जुटे हैं। बल्ली को लगाने व उसे काटने के काम में अलग कर्मियों को लगाया गया है। मंच को तैयार करने के मजदूर अलग हैं। इसके साथ-साथ कमरे तैयार किए जा रहे हैं। जिसमें मजदूर काम कर रहे हैं।
हर काम पर अफसरों की नजर
सभा स्थल पर किए जा रहे हर काम पर अफसरों की नजह हैं। एक-एक काम अफसरों को बांट दिया गया है।वे अपने काम को जल्द से जल्द पूरा कर लेना चाहते हैं। इलेक्ट्रिक के काम को करने वाले कूलर से लेकर पंखा फिटिंग तक कर रहे हैं।
वहीं पानी की व्यवस्था करने वाले अधिकारी बोरिंग खनन भी करवा रहे हैं। पीएम की सभा में भगदड़ की स्थिति न बने, इसका खास ख्याल रखा गया है। वहीं जो कर्मचारी काम कर रहे हैं, उनके लिए शौचालय यहां नहीं है, जो दिक्कत का सबब बन रहा है।