
दाक्षी साहू @भिलाई. ट्विनसिटी में एक ऐसा शख्स है जो पेशे से इंसानों का डॉक्टर है पर उसका दिल आवारा, घायल, बीमार, भूख से बेहाल जानवरों के लिए धड़कता है। आम लोगों से जुदा अंदाज रखने वाले डॉक्टर धरमवीर चंद्राकर अपने दिल की ढेर सारी बातें इंसानों से नहीं एक सुकर से करते हैं। समय मिलते हीआवारा कुत्तों से दोस्ती करके उन्हें एक घर और सुरक्षित परिवार दिलाते हैं। जी हां सुनने में थोड़ा अटपटा जरूर है, लेकिन यही हकीकत है।
शहर में बेसहारा भटकने वाले पशु, पक्षियों के कल्याण के लिए विगत दो साल से वे अपने साथियों के साथ मिलकर पीपुल्स फॉर एनीमल्स नामक संस्था बनाकर काम कर रहे हैं। बिना किसी सरकारी मदद के मुश्किल हालात में फंसे, रोगग्रस्त लगभग 200 जानवरों का उपचार करके उन्हें सुरक्षित आश्रय उपलब्ध करा चुके हैं।उन्होंने आवारा पशुओं को गोद देने की नेक प्रथा की शुरूआत भी लौह नगरी में की है। सड़क में भटकने वाले एक दर्जन कुत्ते, 5 बिल्ली, एक भैंस और एक Pig को डॉक्टर साहब की मदद से नया घर मिला है। जहां प्यार और अपनेपन के साथ ये जानवर रह रहे हैं।
मन में थी कसक, बढ़ाया जानवरों के लिए मदद का हाथ
चंदू लाल चंद्राकर मेमोरियल अस्पताल भिलाई में सीनियर कंसलटेंट के रूप में कार्यरत एमडी आईडीसीसीएम डॉ. धरमवीर ने बताया कि उन्होंने बैंग्लुरू में एक दिन बीच सड़क बिल्ली के बच्चे को भटकते हुए देखा। गाडिय़ों के बीच फंसे उस बच्चे तक पहुंचते तब तक एक कार तेजी से उसे रौंदते हुए निकल गई।
घायल बिल्ली के बच्चे को हाथ में लिए वे शहरभर में भटकते रहे पर उन्हें जानवरों का कोई अस्पताल नहीं मिला। अंतत: बिल्ली का बच्चा उनके हाथ में ही मर गया। इस घटना ने उन्हें अंदर तक झकझोर दिया। उसी दिन से जानवरों के कल्याण के लिए काम करने का प्रण लिया। आज उनकी संस्था से जुड़कर दुर्ग-भिलाई के युवा घायल व बीमार पशु पक्षियों के फस्र्ट एड व रेस्क्यू का प्रशिक्षण देते हैं।
एक कॉल में पहुंचते हैं रेस्क्यू करने
सड़क, नाली, गटर में फंसे हुए जानवरों की मदद करने के लिए पीएफए के वालेंटियर एक कॉल में घटना स्थल पर पहुंचते हैं। संस्था की उपाध्यक्ष आंचल ने बताया कि पीएफए नाम से बने फेसबुक, ट्विटर पेज पर लोग अब घायल, बीमार और जरूरतमंद पशुओं से जुड़ी जानकारी शेयर करने लगे हैं।
इसके अलावा बेसहारा पशुओं को गोद लेने के लिए उनसे संपर्ककरते हैं। गोद की प्रथा का सबसे ज्यादा युवाओं ने दिल खोलकर स्वागत किया है। कॉलेज, स्कूल, मार्केट एरिया में जाकर पशुओं से घृणा की बजाय उनसे दोस्ती का हाथ बढ़ाने का संदेश देते हैं।लोगों को प्रशिक्षण देकर जागरूक करने की मुहिम चला रहे जिससे समय पर किसी घायल पशु के उपचार से उसकी जिंदगी बचाई जा सके।
पैरालिसिस डॉग के साथ खेलते हैं खो-खो
डॉ. धरमवीर ने बेसहारा जानवर को गोद लेने की परंपरा की शुरूआत खुद के घर से की। उन्होंने बताया कि मरोदा सेक्टर के डीपीएस स्कूल के पास एक कुत्ते का बच्चा गाड़ी की चपेट में आकर घसीटकर सड़क पर चल रहा था।जिसका उपचार करके किसी तरह उसे चलने लायक बनाया। आज उसी पैरालिसिस डॉग के साथ वे अपने घर में बड़े प्यार से खो-खो खेलते हैं।
रेसक्यु में मिली अधमरी सुकर की बच्ची को उपचार को बाद उन्होंने ईवा नाम दिया। आज युवा उतई के देवार परिवार में है। हर महीने की उसकी देखभाल के लिए वे देवार परिवार को तीन सौ रुपए देते हैं। ताकि ईवा की जिंदगी अच्छे से कट सके। जब भी वो ईवा को बुलाते हैं तो दौड़ते हुए सुकर का बच्चा बड़े प्यार से उनके पास आता है। ईवा का प्यार देखकर वे महसूस करते हैं कि इंसानों की तरह जानवरों को भी जीने का हक है।