भिलाई

Navratri 2025: डोंगरगढ़ पदयात्रियों के लिए 8 स्थानों पर पुलिस सहायता केंद्र, यात्रियों की पीठ पर लगा रहे रेडियम

Navratri 2025: पदयात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए दुर्ग पुलिस ने आठ स्थानों पर अस्थायी पुलिस सहायता केंद्र स्थापित किए हैं। इन केंद्रों पर श्रद्धालुओं के लिए रुकने की व्यवस्था, फलाहार, पीने के पानी की सुविधा और जरूरी जानकारी देने के लिए पीए सिस्टम लगाया गया है।

2 min read
Sep 24, 2025

Navratri 2025: नवरात्रि पर डोंगरगढ़ दर्शन के लिए पैदल जाने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं। कुहारी से लेकर अंजोरा तक आठ स्थायी पुलिस सहायता केन्द्र बनाए गए हैं, ताकि यात्री रात में आराम कर सकें। किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके और यात्री सुरक्षित रूप से अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।

एएसपी ऋचा मिश्रा ने बताया कि एसएसपी विजय अग्रवाल के निर्देश पर पदयात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए दुर्ग पुलिस ने आठ स्थानों पर अस्थायी पुलिस सहायता केंद्र स्थापित किए हैं। इन केंद्रों पर श्रद्धालुओं के लिए रुकने की व्यवस्था, फलाहार, पीने के पानी की सुविधा और जरूरी जानकारी देने के लिए पीए सिस्टम लगाया गया है। जिन स्थानों पर सर्विस रोड उपलब्ध नहीं है, वहां बांस-बल्ली और स्टॉपर की मदद से अलग पैदल मार्ग बनाया गया है।

पैदल यात्रियों की पीठ पर लगा रहे रेडियम

सहायता केन्द्रों में तैनात पुलिस जवान रात के समय दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए पदयात्रियों की पीठ और बैग पर रेडियम स्टिकर लगा रहे हैं, ताकि वाहन चालक उन्हें दूर से देख सकें। इसके अतिरिक्त मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर लेक्स लगाकर श्रद्धालुओं को बाएं चलने और सुरक्षित मार्ग की जानकारी दे रहे हैं। साथ ही हेलमेट के प्रति जागरूक भी कर रहे हैं।

हेल्प लाइन नंबर जारी

पुलिस ने बताया कि नवरात्र भीड़ को देखते हुए चार हाईवे पेट्रोलिंग वाहनों के साथ चार अतिरिक्त नवरात्र पेट्रोलिंग टीमों को 24 घंटे ड्यूटी पर लगाया गया है। ये पेट्रोलिंग दल लगातार मार्ग की निगरानी कर रहे हैं। पदयात्रा मार्ग पर कोई वाहन खड़ा न हो।

पदयात्रियों की सहायता के लिए पुलिस ने हेल्पलाइन 9479192099 और 9479192029 भी जारी किए हैं। किसी भी असुविधा की स्थिति में यात्री इन नंबरों पर संपर्क कर तत्काल मदद ले सकते हैं।

नवरात्र के पावन अवसर पर यातायात पुलिस का यह प्रयास है कि पदयात्रियों की सुरक्षा और सुविधा में कमी न आए। सोमनी में हुए हादसे की वजह से और भी गंभीरता से सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई है, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित मातारानी का दर्शन कर सकें। लोगों से अपील है कि निर्धारित लेन का पालन कर पैदल चलें। हाइवे पर चलने से बचें। पुलिस सहायता के लिए 24 घंटे तैनात है।

विजय अग्रवाल, एसएसपी, दुर्ग

Updated on:
24 Sept 2025 12:23 pm
Published on:
24 Sept 2025 12:22 pm
Also Read
View All

अगली खबर