
भिलाई . टाउनशिप में अधिकारियों के घर दीपावली के दिन शाम 7 से 7.15 बजे तक अंधेरा पसरा रहेगा। घर की सभी लाइट को बंद कर वे, सांकेतिक विरोध करेंगे। यह फैसला स्टील एक्जीक्यूटिव फेडरेशन ऑफ इंडिया (सेफी) ने लिया है। वे पेंशन व पे-रिवीजन में हो रही देरी से खफा हैं।
सेफी के चेयरमैन एनके बंछोर ने बताया कि सबसे बड़े त्योहार के दिन घर में अंधेरा रख अधिकारी प्रबंधन के सामने सांकेतिक प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके पहले सेफी ने केंद्रीय इस्पात मंत्री, प्रधानमंत्री कार्यालय, सांसद के समक्ष अपनी पीड़ा को लगातार बताया है। अब तक मुद्दे का निराकरण नहीं हुआ है।
अब भी इंतजार
इस दौरान कई माइल स्टोन को पाया है, लेकिन जो अंतिम सफलता है, वह अब तक हाथ नहीं लगी है। जिसका इंतजार बीएसपी का हर अधिकारी कर रहा है। हर अधिकारी अपनी एकता को दिखाने के लिए दीपावली का शुभ दिन चुना है। यह दिन बीएसपी के अधिकारियों व पूर्व अधिकारियों के लिए तब शुभ होता, जब पेंशन व पे रिवीजन लागू हो चुका होता।
विरोध दर्ज करवाएं
बीएसपी के अधिकारियों का भविष्य अंधकारमय न हो, इसलिए अपना सांकेतिक विरोध दर्ज आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों से अपील की है कि हर अधिकारी दीपावली के दिन शाम सात से सवा सात बजे तक घर की बिजली बंद रख अपना सांकेतिक विरोध दर्ज करवाएं।
12हजार से अधिक अफसरों को हो रहा नुकसान
सेल के करीब १२ हजार अधिकारियों व भिलाई इस्पात संयंत्र के 3170 अफसरों को पे-रिवीजन नहीं होने से नुकसान हो रहा है। जिसके खिलाफ में यह सांकेतिक प्रदर्शन करने का फैसला लिया गया है।
समर्थन हासिल करने में सफल रहे
सेफी और ओए-बीएसपी ने थर्ड पीआरसी के अनुशंसा में दी गई अफोर्डेबिलिटी क्लॉज के दूरगामी प्रभाव को भांपते हुए इसके निराकरण के लिए तेजी से प्रयास किया इसके तहत् प्रधानमंत्री कार्यालय से लेकर इस्पात मंत्रालय तथा संबंधित अन्य मंत्रालयों से निरंतर पत्र व्यवहार व बैठक किया। देशके करीब 500 सांसदों को भी इस विषय में पत्र लिखकर उनका सहयोग व समर्थन हासिल करने में सफल रहे।
वेज रिविजन पर मिली सफलता
सेफी के पदाधिकारियों के निरंतर कोशिश ने रंग लाया और डीपीई ने इस्पात मंत्रालय से भेजे गए नोट को अफोर्डेबिलिटी क्लॉज में संशोधन करने की स्वीकृति देते हुए मंत्रालय को केबिनेट अप्रुवल के लिए कार्रवाई करने का दिशानिर्देश दिया है। इस प्रकार वेज रिविजन की दिशा में एक और सफलता मिली है।