भिलाई

CG Weather: 63 किलोमीटर की रफ्तार से चली आंधी, अगले 3 दिन ऐसा ही रहेगा मौसम

CG Weather: बारिश के बाद तापमान में बड़ी गिरावट आई और पारा 30.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 20.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने बुधवार को ही बारिश और तेज अंधड़ के संकेत दिए थे।

2 min read
May 02, 2025

CG Weather: वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से गुरुवार को दुर्ग जिले का मौसम अचानक बदल गया। शाम करीब 4 बजे आसमान काले बादलों से ढक गया। शाम 4.30 बजे बेहद अंधेरा छा गया। इसके बाद हल्की बौछारें पड़ने लगी, जिसने देखते ही देखते भारी बारिश का रूप ले लिया। इससे पहले शहर और ग्रामीण दोनों ही क्षेत्रों में करीब 63 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ़्तार से आंधी चली। इससे पूरे शहर की बिजली गुल हो गई।

कुछ जगहों पर बिजली के तार टूटकर नीचे आ गए। इसके अलावा ट्रांसफार्मर में भी कई जगह आग लगी। हवा इतनी तेज थी कि कई जगहों पर दोपहिया गाड़ियां भी गिर गई। शाम 6 बजे तक भी बौछारों का सिलसिला जारी रहा। दिन में धूप के दौरान अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस रहा, लेकिन शाम को हुई बारिश के बाद तापमान में बड़ी गिरावट आई और पारा 30.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 20.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने बुधवार को ही बारिश और तेज अंधड़ के संकेत दिए थे। अंधड़ और बारिश का अलर्ट जारी किया गया।

पेड़ों के नीचे खड़े न रहें

मौसम विभाग के विशेषज्ञ एचपी चंद्रा ने बताया कि, द्रोणिका के प्रभाव से प्रदेश का मौसम बदल रहा है। इसके अलावा शुक्रवार से पश्चिमी विक्षोभ का असर भी दिखने लगेगा। इस समय बंगाल की खाड़ी से प्रचूर मात्रा में नमी आने की संभावना है, जो मौसम तंत्र को प्रभावित करेगी। इससे शुक्रवार को भी दुर्ग संभाग सहित प्रदेश में अंधड़ और तेज बारिश की संभावना जताई गई है।

कई जगहों पर बिजली गिरने का भी आंकलन किया गया है, जिसके बाद मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए लोगों को खराब मौसम के दौरान पेड़ों के नीचे या खुले आसमान में नहीं रहने की सलाह दी है। अंधड़ के दौरान शेड के नीचे जगह तलाशने को कहा गया है। यह स्थिति शनिवार और रविवार को भी बरकरार रहने की संभावना जताई गई है। जिससे प्रदेश के अधिकतम तापमान में बड़ी गिरावट आने का अनुमान है।

अगले सात दिन ऐसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग ने वेदर फोरकास्ट जारी कर बताया है कि, 2 से 5 मई तक दुर्ग जिले का अधिकतम तापमान 38 डिग्री तक रहेगा, वहीं न्यूनतम तापमान 23 डिग्री तक स्थिर रह सकता है। इसके अलावा कुछ स्थानों पर आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। कुछ स्थानों पर बारिश होगी।

पूर्वानुमान आज भी आंधी

मौसम विभाग ने दुर्ग जिले में अंधड़, आंधी तूफान और बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसमें कहा गया है कि शुक्रवार को भी जिले में तेज हवाओं से जनजीवन प्रभावित हो सकता है। दुर्ग जिले के अलावा संभाग के राजनांदगांव, बालोद, बेमेतरा और कवर्धा के लिए भी चेतावनी जारी की गई है।

Published on:
02 May 2025 01:40 pm
Also Read
View All

अगली खबर