
FIFA Excitement: भिलाई में फुटबॉल के प्रति जुनून किस हद तक जा सकता है, इसका उदाहरण भिलाई-दुर्ग के तीन खेल प्रेमियों ने पेश किया है। फीफा वल्र्ड कप का रोमांच अपनी आंखों से देखने के लिए मोहन लाल, रोबी डेविड और रोमी डेविड करीब 12 हजार किलोमीटर का सफर तय कर कनाडा के टोरंटो पहुंच गए हैं। रायपुर से दिल्ली और फिर अंतरराष्ट्रीय उड़ान के जरिए टोरंटो पहुंचे ये तीनों फुटबॉल प्रशंसक विश्व फुटबॉल के सबसे बड़े आयोजन का हिस्सा बनने को लेकर उत्साहित हैं।
टोरंटो के बीएमओ फील्ड स्टेडियम में वे 21 जून को जर्मनी और आइवरी कोस्ट के बीच होने वाला मुकाबला लाइव देखेंगे। इसके अलावा 27 जून को सेनेगल और इराक के बीच खेले जाने वाले मैच का भी स्टेडियम में बैठकर आनंद लेंगे। चार साल में एक बार आयोजित होने वाले इस वैश्विक फुटबॉल महोत्सव को करीब से देखने का सपना वे लंबे समय से संजोए हुए थे।
फीफा वल्र्ड कप का यह सफर केवल रोमांच ही नहीं, बल्कि बड़ा आर्थिक निवेश भी मांग रहा है। रायपुर- दिल्ली की हवाई यात्रा पर 15 से 20 हजार रुपए खर्च हुए हैं, जबकि दिल्ली से टोरंटो की रिटर्न फ्लाइट का किराया करीब डेढ़ लाख रुपए प्रति व्यक्ति है। वीजा, यात्रा बीमा और अन्य औपचारिकताओं पर लगभग 25 हजार रुपए खर्च हुए हैं। दोनों मुकाबलों के टिकटों पर करीब एक लाख रुपए खर्च किए गए हैं। वल्र्ड कप के दौरान टिकटों की भारी मांग के कारण कीमतें काफी बढ़ गई हैं। टोरंटो में करीब दो सप्ताह के प्रवास के दौरान होटल पर 1.20 से 1.50 लाख रुपए तथा भोजन व स्थानीय परिवहन पर 50 से 60 हजार रुपए खर्च होने का अनुमान है। इस तरह पूरे दौरे का खर्च प्रति व्यक्ति करीब 4.5 से 5 लाख रुपए तक पहुंच रहा है।
तीनों फुटबॉल प्रेमियों का कहना है कि टीवी पर मैच देखने और स्टेडियम में बैठकर विश्व कप का रोमांच महसूस करने में बड़ा अंतर होता है। हजारों दर्शकों के बीच बैठकर दुनिया की शीर्ष टीमों को खेलते देखना, हर गोल पर गूंजता शोर और उत्साह को करीब से महसूस करना किसी सपने के सच होने जैसा है। उनका कहना है कि यह सिर्फ विदेश यात्रा नहीं, बल्कि अपने पसंदीदा खेल के सबसे बड़े मंच को करीब से देखने और उसे जीने का अवसर है। भिलाई-दुर्ग के इन खेल प्रेमियों का यह सफर शहर में फुटबॉल के प्रति बढ़ते जुनून और खेल संस्कृति की मजबूत होती पहचान को भी दर्शाता है।