Accident In Bhilai : भिलाई टाउनशिप के सेक्टर-4 में मंगलवार की सुबह 6 बजे मेंटेनेंस दफ्तर के परिसर में स्थित पानी की दो टंकियां एक के बाद एक ढह गईं।
भिलाई. भिलाई टाउनशिप के सेक्टर-4 में मंगलवार की सुबह 6 बजे मेंटेनेंस दफ्तर के परिसर में स्थित पानी की दो टंकियां एक के बाद एक ढह गईं। दोनों में से एक टंकी पूरी तरह से जर्जर हो चुकी थी। आशंका है, पहले वही टंकी गिरी, इस दौरान उसने दूसरी टंकी को भी चपेट में ले लिया।
इस टंकी से रोजाना सुबह 6.30 बजे से सेक्टर एरिया में पानी आपूर्ति होती थी। वॉल शुरू करने के लिए कर्मी पानी टंकी के नीचे जाते थे। मंगलवार को कर्मी के आने से पहले ही यह दोनों टंकियां ढह र्गइं। अगर पानी आपूर्ति शुरू होने के 30 मिनट बाद यह टंकी गिरती, तो जानमाल का नुकसान हो सकता था।
दोनों टंकियों ढहने से 3000 घरों के करीब 14 हजार लोगों के सामने पानी का संकट खड़ा हो गया है। अब भिलाई नगर निगम के टैंकर से घर-घर पानी की आपूर्ति की जा रही है।
घटना के बाद भिलाई इस्पात संयंत्र, नगर निगम के अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त बैठक कर पानी आपूर्ति सुनिश्चित करने का रास्ता निकाला।स्थानीय लोगों ने बताया, टंकी 1971-72 में बनाई गई थी। करीब 50 साल पुरानी पानी टंकी ढह जाने से सेक्टर-3 व 4 में पानी आपूर्ति बाधित हुई है।
जांच के लिए कमेटी गठित
बीएसपी के जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार हादसे के बाद जांच के लिए कमेटी गठित कर दी गई है। टाउनशिप में मौजूद दूसरे तमाम पानी टंकियों की जांच की जाएगी। इसके बाद उसमें जरूरत के मुताबिक संधारण कार्य करवाया जएगा। बीएसपी ने इसके पहले सेक्टर-7 की पानी टंकी को जर्जर हो जाने पर ढहा दिया था। अब उसकी जगह नई टंकी बनाकर पानी आपूर्ति की जा रही है।