
ताराचंद सिन्हा@भिलाई. तांदुला नदी के पानी से एशिया के सबसे बड़े लोहा कारखाना भिलाई इस्पात संयंत्र की प्यास बुझती है। अविभाजित दुर्ग जिले के 1.50 लाख हेक्टेयर खेतों की सिंचाई होती है। उस तांदुला नदी की हालत बेहद दयनीय हो गई है। नदी जलकुंभी से पट चुकी है। कई गंदे नालों को पानी समाहित हो रहा है।
नदी को गंदगी और प्रदूषण से बचाने के लिए अब तक कोई योजना नहीं बनी है। दुर्ग, बालोद व बेमेतरा जिले की लाइफ लाइन तांदुला बांध इसी नदी पर बना हुआ है। एक तरफ गंगरेल बांध से तांदुला के लिए लिंक नहर बनाने की योजना पर काम चल रहा है तो दूसरी तरफ तांदुला नदी घोर उपेक्षा की शिकार है।
पानी रिचार्ज करने के स्रोत भी हो गए बंद
जलकुंभी की वजह से वाटर रिचार्ज बंद हो गया है। भू-जल का स्रोत २०० फीट से नीचे चला गया है। जब नदी मेंं पानी भरा होता है तो 70-80 फीट में ही नलकूप कराने पर पानी निकल जाता था। अब १५०-२०० फीट की गहराई में पानी नहीं निकलता। लोगों का कहना है कि पहले झलमला-बालोद रोड पर नए पुल के पास नदी की गहराई ७-८ फीट थी, जो गंदगी और जलकुंभी की वजह से घटकर अब ४-५ फीट ही
रह गई है।
तांदुला को बचाने का जतन नहीं हो रहा
शहर के जिन कर्णधारों पर तांदुला को सहेजने की जिम्मदारी थी उन्होंने भी मुंह मोड लिया है। कहने को तो तांदुला जलसंसाधन विभाग बनाया गया है, लेकिन इस विभाग ने भी तांदुला को बचाने के लिए कोई जतन नहीं किया।
तांदुला के तटों को कटाव भी बढ़ा है। नदी किनारे ईट भट्ठे चलाने वालों ने बेतहाशा खुदाई की है। गुंडरदेही के पास तो कई जगह नदी का तट अनाप-शनाप खुदाई के कारण सपाट हो गया है।
तांदुला को बचाने की उम्मीद थी वह भी अब दम तोड़ती दिख रही है। डेढ़ साल पहले तत्कालीन कलेक्टर राजेश सिंह राणा ने नदी की सफाई कराने का निर्णय लिया था। जिलेभर की मछुवारा समितियों के सहयोग से जलकुंभी की सफाई कराई थी। तब लगभग आधा किलोमीटर हिस्से की सफाई हुई थी। डेढ़ साल बाद स्थिति जस की तस हो गई है। जलकुंभी से नदी अट गई है। नालियों की गंदगी की वजह से नदी का पानी जहरीला हो चुका है।
नदी की लंबाई जिले में 50 किलोमीटर है। इसी नदी के पानी को बालोद जिले में तटबंध बनाकर संग्रह किया जाता है। बांध में संग्रह पानी को केनाल के माध्यम से डायवर्ट कर भिलाई इस्पात संयत्र में सप्लाई किया जाता है। नदी से १३० गांव जुड़े हुए हैं। यह नदी उन गावों के लिए निस्तारी और सिंचाई के लिए सबसे बड़ा स्रोत है। शिवनाथ की सहायक नदी होने के साथ दुर्ग-भिलाई, जामुल, अहिवारा,धमधा, बेमेतरा जिले के लिए भी जीवन रेखा है।
बालोद, बेमेतरा, और दुर्ग जिले के 1260 तालाबों को गर्मी में निस्तारी के लिए केनाल के माध्यम से भरा जाता है। पर्यावरणविद् प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि बारिश में कमी की वजह से नदियों में केवल चार महीने ही प्राकृतिक जल रहता है। उसे भी जलकुंभी शोषण करता है। प्रदूषण से बचाने के लिए नदी की सफाई जरूरी है। गंदा पानी नदी में मिलने से रोकना चाहिए। जलकुंभी की वजह से नदी के अस्तित्व पर खतरा मंडरा रहा है।
न तो सफाई की न नालों का मुंह मोड़ा
शहर की जीवनदायिनी तांदुला नदी की दशकों से सफाई नहीं हो पाई है। इसलिए नदी के तल में बारिश के दौरान बहकर आई मिट्टी और रेत जम गई है, जिससे पानी का ठहराव काफी कम हो चुका है। मामले को नगर पालिका गंभीरता से नहीं ले रही है। जिसका खामियाजा आने वाले समय में लोगों को भुगतना पड़ेगा।
लोगों का रवैया भी गैर जिम्मेदाराना
तांदुला नदी को लेकर शहर के जिम्मेदार लोगों का रवैया भी गैर जिम्मेदाराना है। वे भी शहर की जीवन रेखा का महत्व समझ नहीं पा रहे हैं। पहले जमीन का कारोबार करने वाले एजेंट ने लूट मचाई। नदी किनारे की कृषि जमीन को बेच दिए। बालोद के नया पारा, पांडेयपारा की नाली का गंदा पानी हीरापुर एनीकट के पास नदी में मिल रहा है।
नदी के किनारे बसे गावों में गर्मी में निस्तारी की समस्या होने लगी है। खासकर जोरातराई, देवतराई, हीरापुर, टेकापारा, पर्रेगुड़ा, नेवारीकला, बघमरा, खैरवाही, सिकोसा, पैरी वासियों के लिए नदी निस्तारी और सिंचाई के लिए सबसे बड़ा स्रोत था।