भीलवाड़ा

भीलवाड़ा में कोरोना से एक दिन में 12 की मौत, 2 दिन में 16 मरे

106 संक्रमित मिले

2 min read
Sep 26, 2020
12 killed in one day from Corona in Bhilwara, 16 died in 2 days
12 killed in one day from Corona in Bhilwara, 16 died in 2 days

भीलवाड़ा.
जिले में कोरोना से शुक्रवार को १२ जनों की मौत हो गई। यह एक दिन में अब तक की सर्वाधिक मौतें हैं। गुरुवार को चार जनों की मौत हुई थी। दो दिन १६ जने कोरोना के कारण दम तोड़ चुके हैं। शुक्रवार को १०६ संक्रमित मिले। जिले में मृतक संख्या ९० व संक्रमितों का आंकड़ा ५५९१ पहुंच गया। इनमें अब तक ४०६१ लोग ठीक हो चुके हैं। एक पखवाड़े में भीलवाड़ा में कई ऐसे मामले सामने आए, जिनमें बिना लक्षण के कई लोग दुनिया छोड़ गए।
एमजीएच के अनुसार, बनेड़ा के पूर्व उप प्रधान एवं कांग्रेस नेता मेघरास निवासी इस्लाम खां खायमखानी की एक सप्ताह से तबीयत खराब थी। वे होम आइसोलेशन में इलाज ले रहे थे कि फेफड़ों में संक्रमण हो गया। सांस में तकलीफ होने पर तीन दिन पहले एमजीएच लाए। गुरुवार को प्लाज्मा चढ़ाया लेकिन जान नहीं बचाई जा सकी। भीलवाड़ा के आजाद चौक में रहने वाले 78 वर्षीय केदार काबरा को भी कोरोना होने पर आरसी व्यास कॉलोनी के निजी अस्पताल के कोविड केयर सेंटर में भर्ती करवाया। तबीयत बिगडऩे पर वेंटीलेटर पर रखा लेकिन दम तोड़ दिया। सिंधुनगर के जगदीश सामरिया को भी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक की पत्नी, बेटा व बहू भी पॉजिटिव हैं। आजाद मोहल्ला निवासी विष्णु बाहेती को कोरोना होने पर अस्पताल में भर्ती कराया था। उन्होंने शुक्रवार सुबह दम तोड़ दिया। आमा निवासी कालूराम काबरा व जवाहरनगर की सुरैया बानू ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। इसी प्रकार निजी चिकित्सालय में १९ सितंबर से भर्ती ९२ साल की रूपकंवर भंडारी ने शुक्रवार सुबह दम तोड़ दिया।
एमजीएच के अधीक्षक डॉ. अरुण गौड़ ने बताया कि शुक्रवार रात को ठिकोला के नरेन्द्र पाराशर, भीलवाड़ा का ओमप्रकाश खटीक, सिताराम बावड़ी के पास रहने वाली महिला तथा बडलिया का एक व्यक्ति ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया है। इसी प्रकार उदयपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती व राजेन्द्र मार्ग निवासी प्रेम चन्द्र सुराणा ने भी शुक्रवार शाम को दम तोड़ दिया। सुराणा परिवार में कोरोना से यह तीसरी मौत है। इससे पहले १० सितम्बर को अमृत सुराणा व हिम्मत मल सुराणा ने भीलवाड़ा से उदयपुर जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया था। सुराणा परिवार के अन्य सदस्य भी कोरोना संक्रमित होकर निजी अस्पतालों में भर्ती है। सुराणा के निधन के समाचार मिलते ही जैन समाज में शोक की लहर फैल गई है। उधर भीलवाड़ा के ओमप्रकाश खटीक के पिता मूल चन्द खटीक की भी चार दिन पहले कोरोना के कारण मौत हो चुकी है।

Updated on:
25 Sept 2020 10:50 pm
Published on:
26 Sept 2020 05:04 am